फायरिंग मामले में फरार दो आरोपियों के घर ढोल-नगाड़े के साथ पहुंची पुलिस, चस्पा कुर्की-जब्ती का इश्तेहार

वैशाली जिले के इस्माइलपुर गांव में दो माह पूर्व हुए बहुचर्चित गोलीकांड और जमीनी विवाद मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने गुरुवार को ढोल-नगाड़े के साथ आरोपियों के घर कुर्की जब्ती का इश्तेहार चिपकाया

फरार आरोपियों के घर चस्पा कुर्की-जब्ती का इश्तेहार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्माइलपुर गांव में करीब दो माह पूर्व हुए बहुचर्चित गोलीकांड और जमीनी विवाद मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। न्यायालय के आदेश पर बिदुपुर पुलिस ढोल-नगाड़ा बजाते हुए आरोपियों के घर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों की मौजूदगी में कुर्की-जब्ती का इश्तेहार चस्पा किया।


अदालत ने दिया एक सप्ताह का अल्टीमेटम, आत्मसमर्पण न करने पर होगी कुर्की 

पुलिस ने कोर्ट के सख्त निर्देशों का पालन करते हुए दोनों फरार आरोपियों को एक सप्ताह के भीतर अदालत या थाने में आत्मसमर्पण करने की अंतिम समय-सीमा (अल्टीमेटम) दी है। पुलिस अधिकारियों ने गांव में मुनादी कराते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर दोनों आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया, तो कानूनन उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कठोर कार्रवाई की जाएगी।


दो माह पूर्व चहारदीवारी निर्माण के दौरान हुआ था खूनी संघर्ष और अंधाधुंध फायरिंग 

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले इस्माइलपुर गांव निवासी राहुल कुमार अपनी निजी जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही आशुतोष, किशन और अशोक वहां पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली राहुल के पैर में लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।


एक आरोपी को पुलिस ने मौके से ही किया था गिरफ्तार, दो नामजद चल रहे थे फरार 

वारदात के तुरंत बाद सक्रिय हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अशोक सिंह को उसी वक्त गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, घटना में शामिल दो अन्य नामजद आरोपी आशुतोष और किशन वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन उनके लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहने पर अंततः कोर्ट से कुर्की का आदेश प्राप्त किया गया।


फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की छापेमारी तेज, इलाके में हड़कंप 

बिदुपुर पुलिस का कहना है कि गंभीर मामलों में वांछित और कानून से भाग रहे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घर पर इश्तेहार चस्पा किए जाने के साथ-साथ पुलिस की विशेष टीम दोनों भगोड़े आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। ढोल-नगाड़े के साथ हुई पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के अन्य असामाजिक तत्वों और अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।


रिषभ की रिपोर्ट