Bihar Crime: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, शराब तस्कर विकास उर्फ बालाजी गिरफ्तार, , अपराधियों के लिए सख्त संदेश

Bihar Crime:अपराध और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।...

: पुलिस की बड़ी कामयाबी- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली जिले में अपराध और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात तस्कर विकास उर्फ बालाजी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया है। उसकी गिरफ्तारी से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के मुताबिक, बिहार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब तस्करी और हत्या जैसे संगीन मामलों में वांछित आरोपी महुआ थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और 28 मार्च 2026 को सटीक छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा गया।

दरअसल, 12 मार्च 2026 को औद्योगिक थाना क्षेत्र में करीब 8864 लीटर विदेशी शराब की एक बड़ी खेप तस्करी के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन समेत पूरी खेप जब्त कर ली थी, लेकिन इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड विकास उर्फ बालाजी मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा रहा है। महुआ थाना में शराब तस्करी के आठ मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा हत्या का एक संगीन मामला और औद्योगिक थाना में शराब तस्करी से जुड़ा एक अन्य केस भी उसके नाम दर्ज है। यानी यह शख्स अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी रहा है।

वैशाली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम की लगातार कोशिशों का ही नतीजा है कि आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इस अवैध नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस का साफ कहना है कि जिले में अवैध शराब और अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जो भी कानून को चुनौती देगा, उसे इसी तरह अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार