बड़ी ड्रग्स खेप बरामद: हुंडई वेन्यू के गियर बॉक्स में छिपा रखी थी अफीम और हेरोइन, झारखंड के 3 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। वैशाली पुलिस की विशेष टीम ने सराय टोल प्लाजा के पास एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अफीम और हेरोइन बरामद की है।
Vaishali - : बिहार के वैशाली जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। वैशाली पुलिस की विशेष टीम ने सराय टोल प्लाजा के पास एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अफीम और हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने झारखंड के तीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नेपाल से झारखंड जा रही थी नशे की खेप
वैशाली पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र से मुजफ्फरपुर के रास्ते एक सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार में मादक पदार्थों की बड़ी खेप झारखंड ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जिला आसूचना इकाई (DIU) और सराय थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने सराय टोल टैक्स के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
गियर बॉक्स के पास बनाया था गुप्त केबिन
3 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे, जब संदिग्ध हुंडई कार टोल प्लाजा के पास पहुंची, तो पुलिस ने उसे घेर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस तब हैरान रह गई जब कार के गियर बॉक्स के पास बने गुप्त केबिन से नशे की खेप बरामद हुई। गियर बॉक्स के बाईं ओर से 1 किलो 4 ग्राम अफीम और गियर के पीछे बने बॉक्स से 158 ग्राम ब्राउन पाउडर (हेरोइन) बरामद की गई। पूरी तलाशी दंडाधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ की गई।
झारखंड के तीन बड़े तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने कार में सवार तीनों अभियुक्तों को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है: ललन कुमार (चालक) - निवासी: चतरा, झारखंड, श्रवण कुमार - निवासी: पलामू, झारखंड, अनिल कुमार - निवासी: चतरा, झारखंड।
कार मालिक पर भी दर्ज हुई FIR
वैशाली पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सराय थाना कांड संख्या 29/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने न केवल गिरफ्तार अभियुक्तों, बल्कि कार मालिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस अब इनके नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि तस्करी के इस खेल की मुख्य कड़ी तक पहुंचा जा सके।
विशेष अभियान के तहत पुलिस की दबिश
वैशाली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशा मुक्ति और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान का नतीजा है कि पुलिस ने सराय टोल प्लाजा पर इस खेप को पकड़ने में सफलता पाई। गिरफ्तार तीनों तस्करों को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Report - Rishav kumar