महज 12 घंटे में पुलिस ने मजदूर हत्याकांड का किया खुलासा : अवैध संबंध बनी हत्या की वजह, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
वैशाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर मजदूर हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह आरोपी की पत्नी के मजदूर का अवैध संबंध सामने आई है.....
Vaishali : जिले के गोरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरमाला गांव में बीती रात एक मजदूर की गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का वैशाली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी और ठेकेदार आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है, जिससे इस गंभीर अपराध को अंजाम दिया गया था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।
पत्नी के साथ अवैध संबंध और आपत्तिजनक वीडियो देख भड़का ठेकेदार
इस पूरे हत्याकांड के पीछे छिपे मुख्य कारणों का खुलासा करते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा ने बताया कि मृतक मजदूर अमित कुमार और गिरफ्तार ठेकेदार आशुतोष की पत्नी के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे। इससे जुड़े कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मृतक अमित के मोबाइल फोन में मौजूद थे, जिसे आशुतोष ने देख लिया था। अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों और मोबाइल में मौजूद वीडियो की बात सामने आने के बाद आशुतोष पूरी तरह आक्रोशित हो गया और उसने अमित को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
मिलने के बहाने बुलाया और सिर में मार दी नजदीक से गोली
साजिश के तहत आरोपी ठेकेदार आशुतोष ने बातचीत और समझौता करने के बहाने मजदूर अमित को देर रात मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही अमित कटरमाला के समीप तय स्थान पर पहुंचा, आशुतोष ने बिना वक्त गंवाए अवैध देशी कट्टे से बेहद नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी। सिर में गोली लगते ही अमित लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और अत्यधिक खून बह जाने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आशुतोष मौके से फरार हो गया था।
परिजनों ने लगाया 5 साल की मजदूरी का पैसा हड़पने का आरोप
दूसरी ओर, मृतक अमित के परिजनों का आरोप पुलिस की थ्योरी से थोड़ा अलग है। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में आशुतोष को ही मुख्य नामजद आरोपी बताते हुए कहा कि अमित पिछले 5 वर्षों से आशुतोष के मातहत मजदूरी का काम कर रहा था। काम के बदले आशुतोष उसकी मजदूरी का मोटा पैसा बकाया रखे हुए था और मांगने पर भी भुगतान नहीं कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, इसी बकाया मजदूरी के पैसे को हड़पने और विवाद को हमेशा के लिए खत्म करने की नीयत से अमित की सुनियोजित तरीके से गोली मारकर हत्या की गई है।
एक हफ्ते में दाखिल होगी चार्जशीट, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगी सुनवाई
वैशाली पुलिस अब अवैध संबंध और बकाया मजदूरी के दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। एसपी शुभांक मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड के मामले में police महज एक सप्ताह के भीतर माननीय न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) समर्पित कर देगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाना है, ताकि स्पीडी ट्रायल के जरिए अगले दो महीने के भीतर आरोपी ठेकेदार को कानूनन सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
रिषभ की रिपोर्ट