Chhath Puja 2026 : हाजीपुर के कोनहारा घाट पर छठ की तैयारी पूरी, 32 घाटों पर बैरिकेडिंग, आस्था के साथ दी जा रही नशामुक्ति का संदेश

Chhath Puja 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित ऐतिहासिक कोनहारा घाट (मोक्षधाम) पर तैयारियां जोरों पर हैं और अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं.....पढ़िए आगे

छठ की तैयारी - फोटो : RISHABH

VAISHALI : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हाजीपुर के ऐतिहासिक कोनहारा घाट पर तैयारी अंतिम चरण में है। जिला प्रशासन और हाजीपुर नगर परिषद ने व्रतियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। कोनहारा घाट, जिसे मोक्षधाम के नाम से भी जाना जाता है, यहां हर साल लाखों की संख्या में छठ व्रती जुटते हैं। व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए घाट पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

चेंजिंग रूम से सहित कई सुविधाएं

प्रशासन द्वारा यहां 32 घाट बनाए गए हैं। सभी घाटों पर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग कर दी गई है। बैरिकेडिंग के आगे किसी भी व्रती को जाने की अनुमति नहीं होगी। बैरिकेडिंग के बाहर SDRF की टीम तैनात रहेगी। नगर परिषद द्वारा घाट को भव्य रूप से सजाया और डेकोरेट किया गया है। व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, कंट्रोल रूम, CCTV कैमरों से निगरानी और लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय भी इसी ऐतिहासिक कोनहारा घाट पर छठ महापर्व मनाते हैं।

नशामुक्ति को लेकर खास पहल

इस बार की सबसे खास बात यह है कि नगर परिषद द्वारा घाट की दीवारों पर नशामुक्ति को लेकर जागरूकता पेंटिंग बनाई जा रही है। शराब और सूखा नशा से दूर रहने का संदेश वॉल पेंटिंग के माध्यम से दिया जा रहा है, जिसका काम अभी जारी है। दीवारों पर 'Happy Chhath Puja' के साथ छठ की मनोहर कलाकृतियां भी बनाई गई हैं।

अधिकारियों ने लिया जायजा

जिला प्रशासन ने बताया कि तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। हाजीपुर के SDO विशाल कुमार लगातार घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। कल नहाय-खाय के साथ तीन दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ होगा, जिसको लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

ऋषभ की रिपोर्ट