रामविलास पासवान की जयंती पर हाजीपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

जयंती समारोह को सेवा भाव से जोड़ते हुए कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर (मेडिकल कैंप) का भी आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की

Ram Vilas Paswan Birth Anniversary- फोटो : news4nation

लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्मभूषण स्व. रामविलास पासवान की जयंती के अवसर पर रविवार को हाजीपुर में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हाजीपुर सर्किट हाउस के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. रामविलास पासवान के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक व राजनीतिक योगदान को याद किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह के नेतृत्व को और मजबूत करने की भी बात कही गई।


जयंती समारोह को सेवा भाव से जोड़ते हुए कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर (मेडिकल कैंप) का भी आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और जरूरतमंदों को मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया। इसके अलावा कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच लड्डू एवं प्रसाद का भी वितरण किया गया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ती रही और पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा एवं सेवा का माहौल देखने को मिला।


आयोजकों ने कहा कि स्व. रामविलास पासवान हमेशा समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते थे। उनके सेवा भाव और जनकल्याण के विचारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ही जयंती के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि स्व. रामविलास पासवान का सार्वजनिक जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके प्रति श्रद्धांजलि के साथ-साथ सेवा और जनकल्याण के संकल्प को दोहराने का अवसर भी बना।

खगड़िया में मनी जयंती 

रामविलास पासवान की जयंती के अवसर पर रविवार को खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड अंतर्गत मंत्री जी टोला, शहरबन्नी में भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं, कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर श्रद्धेय रामविलास पासवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, दलितों, पिछड़ों, वंचितों और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें देश के सबसे लोकप्रिय जननेताओं में शामिल करती है।


इस अवसर पर खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा भी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रामविलास पासवान केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की उम्मीद और विश्वास का नाम थे। उन्होंने हर वर्ग के लोगों की आवाज़ को संसद से लेकर सरकार तक मजबूती से उठाया। सांसद ने कहा कि उनका संघर्ष, उनकी सादगी और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रामविलास पासवान के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने और जनसेवा के संकल्प के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।


 कार्यक्रम में मौजूद पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने, समाज के कमजोर वर्गों की सेवा करने तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सम्मान और उत्साह का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।