वैशाली में बेखौफ अपराधियों का तांडव: कॉलेज फीस जमा करने जा रहे छात्र को गोली मारकर लूटे 2 लाख रुपये

वैशाली जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां कॉलेज में फीस जमा करने जा रहे छात्र को अपराधियों ने गोली मारकर उससे 2 लाख रुपये लूट लिए है। घायल युवक का एसकेएमसीएच मे इलाज चल रहा है.....

अपराधियों ने लूट के दौरान छात्र को मारी गोली- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया घाट और मेहसी के बीच अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने कॉलेज की फीस भरने जा रहे एक छात्र को घेरकर 5 से 6 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की। अपराधियों ने छात्र के दोनों पैरों में गोली मारकर उससे 2 लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।


दोस्त से कर्ज लेकर घर लौट रहा था छात्र 

पीड़ित छात्र की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मोहनपुर निवासी धनराज कुमार के रूप में हुई है। धनराज मुजफ्फरपुर स्थित एल० एन० मिश्रा कॉलेज (L N Mishra College) में मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। कॉलेज की फीस जमा करने के लिए वह वैशाली के बलिगांव में रहने वाले अपने एक दोस्त से 2 लाख रुपये कर्ज लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सरैया घाट और मेहसी के बीच घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उसे निशाना बनाया।


दोनों पैरों में लगी गोली, हालत गंभीर होने पर SKMCH रेफर 

घटना के दौरान अपराधियों की गोलियों से धनराज के दोनों पैर बिंध गए, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद अपराधी दो लाख रुपये लेकर आसानी से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तुरंत मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया, जहाँ फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।


मामले की छानबीन और अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस 

दिनदहाड़े हुई इस भीषण लूट और गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर बलिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट