वैशाली में बेखौफ बदमाशों का तांडव: मवेशी हाट से लौट रहे पशु व्यापारी पिता-पुत्र को मारी गोली, पिता की मौत, बेटा घायल

वैशाली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां लूट का विरोध करने पर मवेशी व्यापारी पिता-पुत्र को अपराधियों ने गोली मार दी है। इस घटना मे पिता की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि पुत्र का सदर अस्पताल मे इलाज चल रहा है....

वैशाली में बेखौफ बदमाशों का तांडव- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे दिनदहाड़े गंभीर आपराधिक घटनाओं को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला महुआ थाना क्षेत्र का है, जहां मवेशी हाट से पशु बेचकर अपने गांव लौट रहे पिता-पुत्र पर घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में गोली लगने से पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।


विरोध करने पर अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि तीसीऔता थाना क्षेत्र के हुसैनी गांव निवासी लक्ष्मण राय अपने पुत्र मिथलेश के साथ महुआ थाना क्षेत्र स्थित माधौल मवेशी हाट में पशु बेचने गए थे। मवेशी बेचने के बाद जब दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी तरौरा नहर के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट की कोशिश की। पिता-पुत्र द्वारा विरोध जताने पर अपराधियों ने हथियार निकालकर उन पर गोली चला दी।


गर्दन में गोली लगने से पिता की मौके पर मौत, बेटा सदर अस्पताल भर्ती

अपराधियों की ओर से की गई गोलीबारी में एक गोली लक्ष्मण राय की गर्दन में जा लगी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य गोली उनके पुत्र मिथलेश के पैर में लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मिथलेश को प्राथमिक उपचार के बाद हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।


महुआ SDPO और पुलिस टीम मौके पर जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस और महुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अपराधियों ने कितने पैसों की लूट की है या लूट का प्रयास असफल रहा, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर घायल मिथलेश का बयान दर्ज कर जांच कर रही है।


वारदात के बाद इलाके में दहशत और स्थानीय लोगों में आक्रोश

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। सरेराह व्यापारी की हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


रिषभ की रिपोर्ट