मदद के बहाने रेलवे ट्रैकमैन ने महिला से किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

रेलवे ट्रैकमैन ने सहायता के बहाने दिल्ली से बक्सर जा रही महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का सामान ट्रेन में चोरी हो गया था, जिसके बाद आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले क

Vaishali -  सोनपुर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ दिल्ली से बक्सर जा रही एक असहाय महिला की मदद के बहाने एक रेलवे ट्रैकमैन ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ट्रेन में सामान चोरी होने के बाद मदद की आस में पहुँची थी सोनपुर 

पीड़िता दिल्ली से बक्सर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी, लेकिन रास्ते में ही किसी ने उसका सारा सामान गायब कर दिया। बदहवास हालत में महिला हाजीपुर पहुँची और वहाँ से दूसरी ट्रेन पकड़ने के लिए सोनपुर जंक्शन आई। स्टेशन पर महिला को रोता देख रेलवे में कार्यरत एक ट्रैकमैन ने उसे सहायता का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर सोनपुर थाना क्षेत्र के बरबट्टा गांव स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया।

आवास पर ले जाकर वारदात को दिया अंजाम 

आरोप है कि आरोपी ट्रैकमैन ने मदद करने के बजाय अपने कमरे पर महिला के साथ दुष्कर्म किया। रविवार की देर रात किसी तरह वहां से निकलकर पीड़िता रोती हुई सोनपुर थाने पहुँची और ड्यूटी पर तैनात संतरी को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपी के आवास पर छापेमारी की।

आरोपी गिरफ्तार, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य 

सोनपुर की प्रभारी थाना अध्यक्ष नीलिमा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी ट्रैकमैन को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने आरोपी के आवास को सील कर दिया है और मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान दर्ज 

पुलिस ने सोमवार को पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। साथ ही, न्यायालय में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत महिला का बयान भी दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार ट्रैकमैन से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Report - Rishav kumar