सरिता हत्याकांड: फरार साजिशनकर्ताओं पर 'सुप्रीम' एक्शन! बैंड-बाजे के साथ घर पहुँची पुलिस, अब भी नहीं किया सरेंडर तो घर बनेगा खंडहर!
सोनपुर की सरिता को मौत के घाट उतारने वालों पर अब पुलिस का शिकंजा और कस गया है। दरोगा और मुख्य कातिल की गिरफ्तारी के बाद अब बारी उन महिलाओं की है जो पर्दे के पीछे से इस खौफनाक खेल में शामिल थीं। देखिए कैसे पुलिस ने वैशाली में ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपिय
Vaishali : बिहार के सोनपुर में हुई सरिता की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस अब फरार आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। रविवार को सोनपुर के हरिहरनाथ थाना की पुलिस ने वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र स्थित जगदीशपुर गांव पहुँचकर फरार आरोपियों के घर पर कुर्की-जब्ती का इश्तेहार चस्पा किया।
बैंड-बाजे के साथ पहुँची पुलिस
पुलिस की यह कार्रवाई काफी चर्चा में रही। हरिहरनाथ थाना की पुलिस बैंड-बाजे के साथ आरोपियों के गाँव पहुँची और मुनादी करवाते हुए इश्तेहार चस्पा किया। यह कार्रवाई मुख्य आरोपी सत्येंद्र की माँ दुलारी देवी और उसकी महिला मित्र रीना देवी के खिलाफ की गई है। इन दोनों का नाम भी इस हत्याकांड की प्राथमिकी में दर्ज है, लेकिन ये अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
अब तक 6 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
सरिता हत्याकांड में पुलिस अब तक कुल 6 लोगों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इसमें मुख्य आरोपी सत्येंद्र और कांड में संलिप्त दरोगा संतोष रजक भी शामिल हैं। हालांकि, दुलारी और रीना की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण पुलिस ने अब न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि इन दोनों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करें।
क्या था पूरा मामला?
बता दें कि 15 जनवरी की आधी रात के बाद सत्येंद्र ने अपनी पत्नी सरिता की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए दरोगा संतोष रजक की स्कॉर्पियो गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। सत्येंद्र ने शव को हरिहरनाथ थाना क्षेत्र स्थित सरिता के घर के बाहर ही फेंक दिया था। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर सारण पुलिस ने एसआईटी का गठन कर मामले का खुलासा किया था।
सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की
पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि फरार दोनों महिला आरोपी जल्द ही न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करती हैं, तो उनके घरों की कुर्की-जब्ती की जाएगी। फिलहाल, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
Report - Rishav kumar