तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा : मौके पर मौत, मुआवजे को लेकर सड़क जाम
बिहार मे रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा। सड़क दुर्घटना में मौत की खबर मिलना आम बात हो गई है। ताजा मामला वैशाली जिले से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ने एक 22 वर्षीय युवक की जान ले ली.......
Vaishali : जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर चौक पर बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार 22 वर्षीय युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान हरपुर गोपाल गांव निवासी विष्णु पंडित के पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है।
घर लौटने के दौरान काल बना बेकाबू ट्रैक्टर
घटना के संबंध में बताया जाता है कि विकास कुमार जदुआ से अपनी बाइक पर सवार होकर अपने घर हरपुर गोपाल लौट रहा था। जैसे ही वह कंचनपुर चौक के पास पहुंचा, तभी एक बेकाबू ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। हादसे की खबर मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया सिक्सलेन जाम
वहीं गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सिक्सलेन पुल के पास मथुरा में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगभग दो घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम, परिजनों में कोहराम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही बिदुपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर उचित प्रशासनिक कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन देकर जाम हटवाया। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि विकास अविवाहित था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्वच्छ और सुरक्षित यातायात का संदेश
स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र के वाहन चालकों से अपील की है कि वे ग्रामीण एवं व्यस्त चौक-चौराहों पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण रखें। सड़कों पर तेज गति और लापरवाही के कारण रोज निर्दोष लोगों की जान जा रही है, जिस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस जल्द ही ऐसे अनियंत्रित वाहनों के खिलाफ अभियान चलाएगी।
रिषभ की रिपोर्ट