नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के वैशाली थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में एक साल पहले ब्याही गई एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 24 वर्षीय मृतका अर्चना कुमारी का शव उसके ससुराल के घर में बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय वैशाली थाना पुलिस के साथ लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।


एक साल पहले हुई थी शादी, नोएडा में प्राइवेट जॉब करता है पति

मृतका के पिता अमरनाथ यादव, जो सीतामढ़ी जिले के महिंदवारा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, उन्होंने अपनी बेटी की हत्या का सीधा आरोप ससुराल वालों पर लगाया है। पिता ने बताया कि उनकी पुत्री अर्चना कुमारी की शादी पिछले साल 23 मई 2025 को मनपुरा निवासी कृष्णा सिंह के पुत्र आयुष दिवाकर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोपी पति आयुष दिवाकर फिलहाल दिल्ली के पास नोएडा में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।


लगातार की जा रही थी रुपयों की मांग, दी जाती थी जान से मारने की धमकी

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही मृतका के पति, ससुर, सास और जेठ/देवर द्वारा लगातार मायके से रुपयों की मांग की जा रही थी। मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी की सुख-शांति के लिए करीब तीन-चार महीने पहले ही ससुराल वालों को 20 हजार रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद, आरोपियों का लालच कम नहीं हुआ और वे अर्चना पर मायके से और अधिक पैसे मंगाने का लगातार दबाव बनाते रहे। मांग पूरी न होने पर मृतका को अक्सर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं, जिससे वह काफी परेशान रहती थी।


बेटी के लिए देवघर का प्रसाद लेकर पहुंचे थे पिता, नाक-मुंह से निकल रहा था झाग

इस दर्दनाक घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार सुबह मृतका के पिता अपनी बेटी से मिलने और उसके लिए देवघर का प्रसाद देने उसके ससुराल मानपुरा पहुंचे। घर के भीतर प्रवेश करते ही उन्होंने देखा कि उनकी बेटी अर्चना बिस्तर पर अचेत पड़ी हुई थी। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है और उसके नाक व मुंह से सफेद झाग निकला हुआ था। मृतका के पिता ने यह भी दावा किया कि उनकी बेटी के शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान मौजूद हैं, जो इस बात का इशारा करते हैं कि उसके साथ मारपीट की गई है। वारदात के बाद से ही घर के सभी सदस्य ताला बंद कर फरार हैं।


लालगंज एसडीपीओ का बयान- शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

मामले की जानकारी देते हुए लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या महिला की मौत अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। कानून व्यवस्था और निष्पक्ष जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम द्वारा घटनास्थल की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर अहम साक्ष्य संकलित कर लिए गए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पीड़ित पिता के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।


रिषभ की रिपोर्ट