Bihar News: आखिरी कॉल और खौफनाक अंत! होने वाली पत्नी से मोबाइल पर बात कर युवक ने दी जान, मातम में बदली शादी की खुशियां

Bihar News: बिहार के वैशाली में एक युवक ने अपनी होने वाली पत्नी से बात की और बात करने के बाद फांसी के फंदे से झुल गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

फांसी ले लटका युवक - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के वैशाली से हैरान कर देने वाली घटना सामने आ रही है। जहां एक युवक ने शादी से पहले ही खुदकुशी कर ली है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी होने वाली पत्नी से मोबाइल पर बात कर रहा था और बात करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। पूरा मामला जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत प्रतापटांड पश्चिमी गांव का है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

फांसी के फंदे से लटका युवक 

मृतक की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय सतीश पटेल का पुत्र था। युवक ने अपने कमरे में लगे सीलिंग फैन से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। घटना के बाद शादी वाला घर मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

7 मई को होनी थी शादी

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक की शादी आगामी 7 मई को तय थी। करीब तीन महीने पहले ही तिलक और फलदान की रस्में पूरी हो चुकी थीं और शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। युवक और उसकी मंगेतर के बीच नियमित रूप से मोबाइल पर बातचीत भी होती थी। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी युवक अपनी होने वाली पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान क्या हुआ, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक को फंदे से उतारकर बिस्तर पर रखा गया था, जहां से पुलिस ने शव बरामद किया। मृतक अपने परिवार में इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है। वह पेशे से लोहा वेल्डिंग का काम करता था। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।