नाव हादसे के बाद राघोपुर पहुंचे तेजस्वी यादव का भारी विरोध, स्थानीय लोगों ने दागे तीखे सवाल और मांगा इस्तीफा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अपने ही विधानसभा क्षेत्र में लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा है। राघोपुर नाव घटना के 24 घंटे बाद मौके पर पहुंचे तेजस्वी यादव से लोगों ने इस्तीफा तक की मांग कर डाली है.......
Vaishali : जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी में हुए भीषण नाव हादसे (जिसमें 13 लोगों की जान चली गई थी) के 24 घंटे बाद जब स्थानीय विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पीड़ित परिवारों से मिलने पहुँचे, तो उन्हें जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। घटनास्थल और क्षेत्र में पहुँचे तेजस्वी यादव को स्थानीय लोगों के गहरे आक्रोश और नाराजगी का सामना करना पड़ा।
"जब कुछ हो नहीं रहा है तो विधायक पद से इस्तीफा दीजिए"
गुस्साए ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तेजस्वी यादव को घेरते हुए तीखे सवाल किए और प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधि की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। लोगों ने साफ तौर पर कहा कि क्षेत्र में न तो आवागमन के लिए ठीक रास्ते हैं और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम। जनता ने आक्रोशित होकर यहाँ तक कह दिया कि जब आपसे क्षेत्र की समस्याएं संभल नहीं रही हैं और कुछ हो नहीं रहा है, तो आपको विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
24 घंटे की देरी पर फूटा गुस्सा
ग्रामीणों का यह भी आरोप था कि इतना बड़ा हादसा होने और 13 मासूमों की मौत के बावजूद स्थानीय विधायक को घटनास्थल पर पहुँचने में पूरा एक दिन (24 घंटे) का समय लग गया। परिजनों और स्थानीय लोगों में प्रशासनिक एवं राजनीतिक उदासीनता को लेकर गहरी टीस और गुस्सा देखने को मिला।
बता दें जिस राघोपुर में यह बड़ी दुर्घटना हुई है नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव वहीं से जीतकर विधान सभा पहुंचे है। स्थानीय विधायक होने के बावजूद तेजस्वी घटना के 24 घंटे बाद मौके पर पहुंचे। जबकि उनसे पहले केन्द्रीय मंत्री व हाजीपुर से सांसद चिराग पासवान सबसे पहले मौके पर पहुंच पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। वहीं केन्द्र्य गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि भी तेजस्वी से पहले मौके का दौरा कर चुके थे।
रिषभ की रिपोर्ट