तनिष्क शो-रूम में 17 लाख की सोना चोरी का खुलासा : कैशियर ही निकला साजिशकर्ता, ऐसे खुली पोल

हाजीपुर के तनिष्क शोरुम में 17 लाख के सोना चोरी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। चोरी की घटना को किसी बाहरी ने नहीं बल्कि शो-रुम के कैशियर ने ही साजिश रच अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है.....

तनिष्क शो-रूम का कैशियर ही निकला चोर- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां हाजीपुर के प्रतिष्ठित तनिष्क शोरूम में 17 लाख रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में शोरूम में कार्यरत कैशियर मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने सिस्टम में फर्जी (फेक) पेमेंट अपडेट दिखाकर सोने के आभूषण गायब किए थे। पुलिस ने चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषणों को भी बरामद कर लिया है।


स्टॉक मिलान के दौरान हुई गड़बड़ी का खुलासा, सीसीटीवी और पेमेंट रिकॉर्ड से खुली पोल 

मामले का खुलासा तब हुआ जब शोरूम प्रबंधन द्वारा नियमित स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें 17 लाख रुपये के आभूषण कम पाए गए। इसके बाद जब संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज और पेमेंट रिकॉर्ड खंगाले गए, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। कैशियर मोहम्मद इरफान ने पेमेंट गेटवे सिस्टम में फेक पेमेंट अपडेट कर रखा था और पेमेंट सक्सेस दिखाकर बिना राशि प्राप्त किए सोने के आभूषण दे देता था, जबकि असल में वे आभूषण वह अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गायब कर रहा था।


सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी दबोचा 

घटना की शिकायत मिलते ही सदर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ सदर-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सह सोनपुर निवासी कैशियर मोहम्मद इरफान को धर दबोचा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 17 लाख रुपये मूल्य के तमाम सोने के आभूषण भी सकुशल बरामद कर लिए हैं।


शातिर तरीके से रची गई थी साजिश, फरार सहयोगी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी 

एसडीपीओ सदर-1 सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी इरफान काफी शातिर तरीके से इस हेराफेरी की योजना बना रहा था। उसने पेमेंट गेटवे में फर्जी एंट्री कर उच्च प्रबंधन को पूरी तरह गुमराह कर रखा था। पुलिस के अनुसार इस वारदात में उसका एक अन्य सहयोगी भी संलिप्त है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस गिरफ्तार कैशियर से पूछताछ पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। तनिष्क जैसी बड़ी कंपनी में अंदरूनी कर्मचारी द्वारा इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


रिषभ की रिपोर्ट