गोलियों के तड़तड़ाहट से दहला वैशाली का यह गांव, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

वैशाली जिले के पातेपुर गांव मे अचानक उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया जब बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरु कर दी। हालांकि गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है.....

वैशाली मे बेखौफ बदमाशों का तांडव- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां पातेपुर गांव में बाइक सवार अपराधियों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एक बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश अपराधियों ने अचानक अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पांच राउंड की इस दुस्साहसिक फायरिंग की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद से गांव में गहरा तनाव व्याप्त है।


लड़का-लड़की विवाद में भड़की हिंसा 

स्थानीय सूत्रों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक गांव के दो पक्षों के बीच लड़का-लड़की को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसी पुराने विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया और एक पक्ष की ओर से बदमाशों ने दहशत फैलाने की नीयत से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की गूंज सुनते ही ग्रामीण खौफजदा हो गए और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।


पुलिस ने दो खोखा बरामद किया, कोई हताहत नहीं 

घटना की सूचना मिलते ही करताहा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। छानबीन के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से दो प्रयुक्त खोखे बरामद किए हैं। राहत की बात यह रही कि इस अंधाधुंध गोलीबारी में कोई भी ग्रामीण घायल नहीं हुआ है, लेकिन गांव में किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोग सहमे हुए हैं।


एसडीपीओ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात 

फायरिंग की घटना के बाद दोनों गुटों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च कर ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।


सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की तलाश जारी 

पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसडीपीओ ने बताया कि फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले दोनों अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि कानून हाथ में लेने वाले अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट