पुलिस के हत्थे चढ़े चोरी व छिनतई गिरोह के 3 शातिर बदमाश, खिलौना पिस्टल और छर्रा बरामद
वैशाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस जिले के महनार थाना क्षेत्र में सक्रिय चोरी, छिनतई और बाइक चोरी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास एक चोरी और छिनतई के कई सामान बरामद किए है....
Vaishali : जिले की महनार थाना पुलिस ने क्षेत्र में चोरी, छिनतई और बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को महनार SDPO प्रवीण कुमार ने इस सफलता की विस्तृत जानकारी दी।
किराना दुकान में चोरी के बाद CCTV फुटेज से धराया सूरज
SDPO प्रवीण कुमार ने बताया कि महनार स्टेशन रोड स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी की घटना की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर सबसे पहले आरोपी सूरज कुमार की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
कड़ाई से पूछताछ में खुले राज, विकास और रघुनंदन भी दबोचे गए
सूरज कुमार से कड़ाई से की गई पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों—विकास कुमार और रघुनंदन कुमार उर्फ कारू—को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों ने क्षेत्र में चोरी और छिनतई की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बाइक, खिलौना पिस्टल और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक, खिलौना पिस्टल, छर्रा तथा चोरी व छिनतई की घटनाओं के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक और छिनतई की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें धर दबोचा गया।
आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस, भेजा जा रहा जेल
पकड़े गए तीनों बदमाशों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा तीनों आरोपियों के पूर्व के आपराधिक इतिहास भी गहन जांच की जा रही है।
रिषभ की रिपोर्ट