हाजीपुर जंक्शन पर छठ पर्व को लेकर RPF की कड़ी चौकसी, प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में चला सघन चेकिंग अभियान

लोक आस्था के महापर्व छठ पर्व पर रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ को लेकर रेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है....

छठ पर्व को लेकर RPF की कड़ी चौकसी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हाजीपुर जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। पर्व के दौरान ट्रेनों और स्टेशन परिसर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए RPF पोस्ट हाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की रैंडम आधार पर चेकिंग की जा रही है, जिसके लिए ड्यूटी पर तैनात जवानों को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन से गुजरने वाली सभी यात्री गाड़ियों के भीतर भी गहन तलाशी ली जा रही है।


सीसीटीवी कंट्रोल रूम से संदिग्धों पर नजर, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

स्टेशन परिसर और प्लेटफ़ॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए सीसीटीवी (CCTV) कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों पर तीसरी आंख से पैनी नजर रखी जा रही है। वरीय रेल अधिकारियों के निर्देश पर छठ की अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने और रेल यात्रियों की सुखद व सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी बरती जा रही है। RPF अधिकारियों का कहना है कि महापर्व के दौरान किसी भी यात्री को असुविधा न हो और कोई आपराधिक घटना न घटे, इसके लिए बल पूरी तरह सतर्क है।


मेगाफोन और लाउडहेलर से यात्रियों को किया जा रहा जागरूक, ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर 3 साल की सजा की चेतावनी

RPF की टीम केवल जांच अभियान ही नहीं चला रही, बल्कि मेगाफोन और लाउडहेलर के माध्यम से निरंतर जागरूकता अभियान भी चला रही है। RPF द्वारा यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने का सामान न लें, केवल अधिकृत वेंडर से ही खाद्य सामग्री खरीदें और ट्रेन के पायदान या गेट पर बैठकर यात्रा न करें। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि ट्रेन में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थ ले जाना रेलवे अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है, जिसमें 3 साल तक की सजा का प्रावधान है।


"सेवा ही संकल्प" के साथ RPF जवान मुस्तैद, अभियान में कई अधिकारी रहे शामिल

आरपीएफ अधिकारियों ने दोहराया कि "सेवा ही संकल्प" के मूल वाक्य के साथ यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने दी जाएगी। आज चलाए गए इस विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के साथ उप निरीक्षक राकेश कुमार, आरक्षी राजेश राम, राजीव रंजन, सोनू कुमार सिंह और सुनीता कुमारी समेत RPF के कई अन्य जवान मुस्तैदी से तैनात रहे।


रिषभ की रिपोर्ट