तिरहुत MLC चुनाव: NDA प्रत्याशी डॉ. नरेंद्र सिंह ने झोंकी ताकत, हाजीपुर में कार्यकर्ताओं के साथ किया चुनावी मंथन

बिहार में विधान परिषद चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है। प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए है। इसी कड़ी में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी डॉ. नरेन्द्र प्रसाद सिंह ने हाजीपुर मे बैठक की.....

NDA प्रत्याशी डॉ. नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ किया बैठक- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में हाजीपुर के एक निजी होटल में एनडीए (NDA) समर्थित प्रत्याशी डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने शिक्षक कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक की। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, बूथ प्रबंधन और मतदाताओं तक पहुंच बनाने के उपायों पर मंथन किया गया। 


शिक्षक कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

हाजीपुर पहुंचने पर स्थानीय शिक्षक प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात आयोजित संवाद सत्र में विभिन्न विद्यालयों एवं कॉलेजों से आए शिक्षकों ने अपनी बात रखी और मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा हर योग्य शिक्षक मतदाता तक पहुंचने के लिए अपने सुझाव दिए।


सदन में शिक्षकों की मजबूती से उठाएंगे आवाज: डॉ. नरेंद्र सिंह

बैठक को संबोधित करते हुए एनडीए प्रत्याशी डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि वे स्वयं एक शिक्षक परिवार से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए शिक्षकों की समस्याओं और पीड़ा को करीब से समझते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधान परिषद में शिक्षकों की हक-हकूक की लड़ाई लड़ना उनकी पहली प्राथमिकता है। 


पुरानी पेंशन बहाली और वेतन विसंगतियां दूर करना प्राथमिकता

डॉ. सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, वेतन विसंगतियों को समाप्त करना, स्थानांतरण नीति को व्यावहारिक व पारदर्शी बनाना तथा शिक्षकों को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना उनके प्रमुख मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे इन मांगों को विधान परिषद के पटल पर पुरजोर तरीके से उठाएंगे।


घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प

बैठक में मौजूद वैशाली जिले के माध्यमिक, प्राथमिक और कॉलेज स्तर के वरिष्ठ शिक्षक नेताओं तथा प्रतिनिधियों ने डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। प्रत्याशी ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर हर विद्यालय और शिक्षकों के घर-घर जाकर गहन जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।


रिषभ की रिपोर्ट