बिहार में दर्दनाक हादसा,गंगा में एक ही परिवार के 5 लोग डूबे, बचाने गए लोग खुद डूबे, इलाके में पसरा मातम

Bihar Ganga Accident: रामनवमी के मौके पर गंगा स्नान करने गए एक ही परिवार के पांच लोग नदी की तेज धारा में समा गए, जिससे पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

गंगा में एक ही परिवार के 5 लोग डूबे- फोटो : reporter

Bihar Ganga Accident: बिहार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां आस्था का पावन पर्व अचानक मौत के मातम में बदल गया।  वैशाली जिले में रामनवमी के मौके पर गंगा स्नान करने गए एक ही परिवार के पांच लोग नदी की तेज धारा में समा गए, जिससे पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

घटना गनियारी घाट की है, जहां परिवार के सदस्य श्रद्धा के साथ स्नान करने पहुंचे थे। लेकिन यह धार्मिक अनुष्ठान अचानक हादसे की दास्तान बन गया। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान एक महिला गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए परिवार के बाकी चार लोग भी नदी में कूद पड़े, लेकिन गंगा की तेज धारा और गहराई ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया।

देखते ही देखते पूरा परिवार मौत के भंवर में फंस गया। घाट पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय लोगों की बहादुरी से दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।इस दर्दनाक हादसे में एक 16 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं एक महिला और एक मासूम बच्ची अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही देसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। नदी में लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक लापता दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। रामनवमी जैसे पावन दिन पर हुए इस दुखद हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मृतक किशोरी के घर में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों की आंखें भी नम हैं।

प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरी ताकत के साथ लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार