वैशाली के लालगंज में प्रेम विवाह का दुखद अंत, समस्तीपुर में प्रेमी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

वैशाली जिले के लालगंज निवासी युवक की समस्तीपुर में संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। युवक ने कुछ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। मृतक के परिजनों ने लड़की वालों पर हत्या का आरोप लगाया है....

वैशाली के लालगंज में प्रेम विवाह का दुखद अंत- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने प्रेम विवाह, परिवारों के विवाद और युवक की रहस्यमयी मौत—तीनों को सवालों के घेरे में ला दिया है।  लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जहानाबाद निवासी शंभु साह के पुत्र बबलू कुमार की समस्तीपुर स्थित उसके डेरे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी 13 सितंबर को मिली, जब परिजनों को फोन पर सूचित किया गया कि बबलू का शव उसके किराये के कमरे में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर से भागकर अंतरजातीय शादी करने वाले युवक की इस अचानक और रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।


पांच महीने पहले घर से भागकर की थी अंतरजातीय शादी 

बताया जाता है कि जहानाबाद गांव के रहने वाले बबलू कुमार और उसी गांव के मनोज सहनी की पुत्री आरती कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। करीब पांच-छह महीने पहले दोनों परिजनों की मर्जी के बिना घर से निकल गए और अंतरजातीय विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों अपने परिवारों से दूर समस्तीपुर में एक किराये का मकान लेकर साथ रह रहे थे, जबकि गांव में दोनों परिवारों के बीच तल्खी बनी हुई थी।


लड़की पक्ष ने दर्ज कराया था अपहरण का केस, मां जेल में 

लड़की के घर से गायब होने के बाद उसके परिजनों ने लालगंज थाने में बबलू और उसके परिजनों के खिलाफ नामजद अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए बबलू की मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एक तरफ मां जेल में बंद थी और दूसरी तरफ बबलू समस्तीपुर में रह रहा था। अब युवक की अचानक मौत से इस पूरे मामले में एक नया और विवादित मोड़ आ गया है।


परिजनों का आरोप: हत्या से पहले लगातार दी जा रही थी धमकियां 

मृतक के परिजनों का सीधा आरोप है कि यह महज सामान्य मौत या हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। परिवार का दावा है कि प्रेम विवाह के बाद से ही लड़की पक्ष के लोग उन्हें लगातार परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने कई बार उनके घर पर आकर उग्र हंगामा और तोड़फोड़ भी की थी। इन्हीं पुरानी रंजिशों के आधार पर पीड़ित परिवार अब हत्या का केस दर्ज करने की मांग कर रहा है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी सबकी निगाहें 

फिलहाल घटना के बाद समस्तीपुर और लालगंज थाना पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। हालांकि मृतक के परिजनों ने पुलिसिया कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। इस दुखद अंत के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।


रिषभ की रिपोर्ट