वैशाली में बाढ़ के पानी में डूबने से दो वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार और गांव में शोक की लहर

वैशाली जिले के लालगंज के एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बाढ़ के पानी में डूबने से एक दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है......

बाढ़ के पानी में डूबने से दो वर्षीय बच्चे की मौत- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत यूसुफपुर पंचायत के खजौली गांव, वार्ड संख्या-1 में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गंडक नदी के बढ़े जलस्तर और बाढ़ के पानी की चपेट में आने से करीब दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम कुमार के दो वर्षीय पुत्र शिवराज कुमार के रूप में हुई है। इस अप्रिय घटना के बाद से पीड़ित परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


खेलते-खेलते बाढ़ के गहरे पानी में जा पहुंचा मासूम

मिली जानकारी के अनुसार, मासूम शिवराज कुमार अपने घर के पास ही खेल रहा था। इन दिनों गंडक नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, जिसके कारण बाढ़ का पानी गांव और रिहायशी घरों के आसपास तक फैल गया है। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते बच्चा अनजाने में पानी की तरफ चला गया और गहरे पानी में डूब गया। जब काफी देर तक वह नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।


अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम पसर गया।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पिता रहते हैं प्रदेश में

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे के पिता विक्रम कुमार रोजगार के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहते हैं, जिन्हें इस अनहोनी की सूचना दे दी गई है।


बाढ़ के पानी के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में गमगीन माहौल है। गंडक नदी का पानी गांव और घरों के आसपास जमा होने के कारण स्थानीय लोगों में अपने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है। ग्रामीण इस स्थिति में बच्चों पर विशेष नजर रखने और एहतियात बरतने की बात कह रहे हैं।

रिषभ की रिपोर्ट