हाजीपुर समाहरणालय परिसर में किन्नरों का भारी हंगामा: कार से 1.5 करोड़ के गहने और 8.75 लाख चोरी मामले में कार्रवाई न होने पर फूटा गुस्सा

हाजीपुर समाहरणालय परिसर में आज सैकड़ों की संख्या में जुटे किन्नरों ने जमकर हंगामा किया। मामला बीते 12 जून की रात चलती कार से डेढ़ करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और पौने नौ लाख रुपये नकद चोरी होने से जुड़ा है....

हाजीपुर समाहरणालय परिसर में किन्नरों का भारी हंगामा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक ट्रांसजेंडर की कार से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद उड़ाए जाने के मामले में पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस लापरवाही से नाराज होकर किन्नर समुदाय के सैकड़ों लोगों ने हाजीपुर समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) परिसर पहुंचकर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सात दिन बीत जाने के बाद भी चोरों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित किन्नरों ने जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परिसर में हंगामा किया।


झांसा देकर अपराधियों ने उड़ाए थे शगुन के जेवरात और नकदी

यह सनसनीखेज वारदात बीते 12 जून की रात करीब 8 बजे की है। पीड़ित ट्रांसजेंडर सपना कुमारी ने सदर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। चोरी हुए गहने और नकदी पूरे किन्नर समाज के थे, जो उन्हें विभिन्न मांगलिक उत्सवों में शगुन और नेग के रूप में मिले थे। घटना के तुरंत बाद भी किन्नर समाज ने सदर थाने पर पहुंचकर हंगामा किया था, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन नतीजा अब तक सिफर रहा है।


चलती गाड़ी से धुआं निकलने का बहाना बना दिया चकमा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुआ थाना क्षेत्र की निवासी सपना कुमारी शुक्रवार (12 जून) की देर रात अपने ड्राइवर सौरभ कुमार के साथ एक्सयूवी (XUV) कार से पटना से महुआ लौट रही थीं। इसी दौरान स्टेशन रोड पर रेल कोच रेस्टोरेंट के सामने 'ठक-ठक गैंग' की तर्ज पर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने चलती गाड़ी के रेडिएटर के पास कुछ फेंका। गाड़ी जैसे ही 10 मीटर आगे बढ़ी, तभी दूसरे अपराधी ने इशारा कर कहा कि आपकी गाड़ी से धुआं निकल रहा है।


बोनट खोलकर देखने लगे पीड़ित, बीच की सीट से बैग ले उड़े बदमाश

गाड़ी से धुआं निकलने और अंदर दम घुटने जैसा महसूस होने पर सपना कुमारी और उनका ड्राइवर घबराकर नीचे उतर गए। दोनों कार का बोनट खोलकर इंजन की जांच करने लगे। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर पहले से ताक में बैठे शातिर बदमाशों ने गाड़ी की बीच वाली सीट पर रखा गहनों और रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। जब तक सपना कुमारी और ड्राइवर को भनक लगती, अपराधी कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो चुके थे।


न्याय की गुहार, पुलिस की सुस्ती के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

घटना के एक सप्ताह बाद भी मामले का खुलासा न होने से किन्नर समाज में गहरा रोष व्याप्त है। जिला मुख्यालय पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस केवल आश्वासन दे रही है जबकि उनकी जीवनभर की कमाई लूट ली गई है। किन्नर समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी और गहनों की बरामदगी नहीं हुई, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करेंगे। फिलहाल समाहरणालय परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है और अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

रिषभ की रिपोर्ट