Bihar Wedding Chaos: जयमाल के बाद जंग का मैदान बना मंडप, शादी में ऐसा क्या हुआ कि दुल्हन ने सबके सामने मना कर दिया? जानिए पूरा मामला

Bihar Wedding Chaos: बारात में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। रस्म-ए-जयमाल भी अदा हो चुकी थी, लेकिन इसी बीच बारात के दो बेकाबू युवक दुल्हन के कमरे में जबरन दाखिल हो गए।...

जयमाल के बाद जंग का मैदान बना मंडप- फोटो : reporter

Bihar  Wedding Chaos: बिहार से एक हैरतअंगेज और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ खुशियों की महफिल देखते ही देखते जंग का अखाड़ा बन गई। वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में जयमाल के बाद ऐसा बवाल मचा कि पूरी शादी ही तहस-नहस हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, जन्दाहा से आई बारात में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। रस्म-ए-जयमाल भी अदा हो चुकी थी, लेकिन इसी बीच बारात के दो बेकाबू युवक दुल्हन के कमरे में जबरन दाखिल हो गए। यह हरकत लड़की पक्ष को नागवार गुजरी और उन्होंने दोनों को फौरन बाहर निकाल दिया।

बस, यहीं से मामला तूल पकड़ गया। पहले तू-तू मैं-मैं, फिर गाली-गलौज और देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे, कुर्सियां चलने लगीं। शादी का पंडाल जंग का मैदान बन गया। इस खूनी झड़प में दर्जनों लोग जख्मी हो गए, जबकि मौके पर खड़ी बोलेरो, अर्टिगा और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों के शीशे भी चकनाचूर कर दिए गए।

हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को किसी तरह काबू में किया। दोनों पक्षों को थाने लाकर घंटों तक सुलह-सफाई की कोशिश चली, लेकिन मामला इतना बिगड़ चुका था कि रिश्ते की डोर टूट गई।

बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान दूल्हा भी आपा खो बैठा और दुल्हन पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे नाराज दुल्हन ने साफ अल्फाज में शादी से इंकार कर दिया और यहीं इस रिश्ते का खात्मा हो गया।

जांच के दौरान पुलिस के सामने एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ लड़की नाबालिग पाई गई, जिससे यह शादी कानूनन भी जायज नहीं थी। अब पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जश्न की आड़ में जरा सी चूक कैसे पूरे रिश्ते को तबाह कर सकती है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार