Dowry murder - विवाहिता की संदिग्ध मौत, भाई को भेजे आखिरी वॉइस मैसेज में कहा- 'ये लोग मुझे मार डालेंगे'

वैशाली के बिदुपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत। मरने से पहले भाई को भेजा था दर्दनाक वॉइस मैसेज। मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप।

नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या।- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali - : बिदुपुर थाना क्षेत्र के नावानगर ऊपरी बाजार में डेढ़ वर्ष पूर्व ब्याही गई एक 22 वर्षीय युवती सलोनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतका के ससुर को हिरासत में ले लिया है, जबकि पति समेत अन्य सदस्य फरार हैं।

भाई को भेजा दर्दनाक वॉइस मैसेज

मृतका सलोनी का भाई राहुल कुमार विदेश में रहता है। उसने बताया कि सोमवार की देर रात सलोनी ने उसे व्हाट्सएप पर एक वॉइस मैसेज भेजा था। मैसेज में सलोनी बिलखते हुए अपनी जान बचाने की गुहार लगा रही थी। उसने बताया था कि ससुराल वाले उसकी बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। राहुल ने बताया कि नेट बंद होने के कारण वह रात में मैसेज नहीं देख सका और सुबह जब उसने फोन किया तो सलोनी का मोबाइल बंद मिला।

मौके पर पहुंचे परिजनों का फूटा गुस्सा

घटना की सूचना मिलने पर जब सलोनी की माँ मीणा देवी और अन्य परिजन नावानगर पहुँचे, तो घर के सभी सदस्य गायब थे। केवल ससुर दिनेश प्रसाद शाह दरवाजे पर मिला। जब परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो सलोनी का शव बिस्तर पर पड़ा था। यह देख आक्रोशित परिजनों ने ससुर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप और पुलिस के पहुँचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, महनार के मरवतपुर निवासी सलोनी की शादी डेढ़ साल पहले प्रितेश कुमार से हुई थी, जो पेशे से ग्रामीण चिकित्सक है। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, क्योंकि शरीर पर चोट के निशान और वॉइस मैसेज इसकी पुष्टि कर रहे हैं।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच

बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ससुर दिनेश प्रसाद शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका की माँ के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Report - Rishav kumar