Vaishali Accident: वैशाली में दर्दनाक सड़क हादसा, कंटेनर की टक्कर से पिता-पुत्री की मौत, पत्नी की हालत गंभीर
वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र में कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार पिता और 13 महीने की बच्ची की मौत हो गई। वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल है, जबकि चालक फरार हो चुका है।
Vaishali Accident: बिहार के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनकी 13 महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज PMCH पटना में चल रहा है। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के बानथू गांव निवासी ज्ञानेंद्र उर्फ नेपाली (30 वर्ष) और उनकी 13 महीने की बच्ची के रूप में हुई है। ज्ञानेंद्र बैद्यनाथ के पुत्र थे। वहीं उनकी पत्नी सविता देवी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं।जानकारी के अनुसार, ज्ञानेंद्र अपनी पत्नी और बच्ची को बाइक से लेकर हाजीपुर जा रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
13 महीने की बच्ची की मौके पर ही मौत
हादसा इतना भयानक था कि 13 महीने की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ज्ञानेंद्र और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।इलाज के दौरान ज्ञानेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल सविता देवी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।भगवानपुर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को जब्त कर थाना ले आई। चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच चल रही है। इस हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पिता और मासूम बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।