Bihar Crime: शादी की पहली सालगिरह से पहले पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, पढ़िए इश्क, शक और साजिश की कहानी

Bihar Crime: शादी की पहली सालगिरह से महज चार दिन पहले ही एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का संगीन आरोप लगा है।...

पत्नी की हत्या - फोटो : SOCIAL MEDIA

Vaishali: जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शादी की पहली सालगिरह से महज चार दिन पहले ही एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का संगीन आरोप लगा है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है, जबकि उसके पति शुभम राय पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का दावा है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे अवैध संबंध का विवाद मुख्य वजह है।

मृतका के भाई दीपक कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बहन की शादी पिछले साल 8 मई को हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसका दांपत्य जीवन तनाव और विवादों में घिरा रहा। दीपक के अनुसार, शुभम राज का पड़ोस की एक महिला के साथ कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह ज्यादातर समय उसी के साथ बिताता था। जब लक्ष्मी इस रिश्ते का विरोध करती थी, तो घर में अक्सर झगड़ा और कहासुनी होती थी। परिवार ने कई बार पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन हालात नहीं बदले। आरोप है कि आखिरकार इसी विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया और लक्ष्मी की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। गोपाल मंडल ने बताया कि शव घर के कमरे में पलंग पर संदिग्ध हालत में मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। शुरुआती जांच में यह मामला घरेलू विवाद और कथित अवैध संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन अंतिम सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी।

फिलहाल इस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़ने में लगी हुई है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार