खाकी को खुली चुनौती, गन पॉइंट पर ज्वेलरी शॉप में तांडव, 11 लाख के जेवर लूटकर बेखौफ फरार हुए नकाबपोश लुटेरे
वैशाली के जठकौली बाजार में तीन बाइक सवार अपराधियों ने 'माँ दुर्गा ज्वेलर्स' को गन पॉइंट पर लूट लिया। अपराधी करीब 11 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
Vaishali - वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जहाँ बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक आभूषण दुकान को अपना निशाना बनाया। वैशाली थाना क्षेत्र के जठकौली बाजार स्थित 'माँ दुर्गा ज्वेलर्स' में तीन बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 10 से 11 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लूट ली। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
दुकानदार संजय कुमार के अनुसार, घटना शाम करीब 4:15 बजे की है। तीन नकाबपोश अपराधी एक मोटरसाइकिल (संभवतः यामाहा या अपाचे) से आए और दुकान में घुसते ही पिस्तौल तान दी। अपराधियों ने दुकानदार और कर्मचारियों को बंधक बना लिया और गन पॉइंट पर दुकान में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेट लिए। इसके साथ ही गल्ले में रखे 22 हजार रुपये नकद भी लूट लिए गए। लूट की पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की छानबीन शुरू की। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों ने जठकौली बाजार स्थित बर्तन और जेवर की दुकान में लूटपाट की है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और उनकी भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।
पीड़ित दुकानदार संजय कुमार ने बताया कि वह पिछले 12-13 वर्षों से यहाँ दुकान चला रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है। इधर, एसडीपीओ ने आश्वासन दिया है कि पुलिस मामले के उद्भेदन के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। जिले में बढ़ती इस तरह की वारदातों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Report - Rishav kumar