Bihar Love Marriage: बिहार में अनोखी शादी! पुलिसकर्मियों के सामने प्रेमी ने भरी मांग, प्रेम कहानी का पुलिस एंडिंग! वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल

Bihar Love Marriage:एक युवती थाना पहुंची, उसने पुलिस से प्रेमी के साथ शादी कराने की गुहार लगाई......

थाना बना शादी का मंडप- फोटो : reporter

Vaishali: जिले के करताहन पुलिस स्टेशन परिसर में प्रेमी-प्रेमिका की शादी कराए जाने का मामला अब पूरे इलाके में चर्चा और विवाद का केंद्र बन गया है। सोशल मीडिया पर शादी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जहां कुछ लोग इसे प्रेमी जोड़े को सुरक्षा देने की सकारात्मक पहल बता रहे हैं, वहीं कानून के जानकार इसे पुलिस अधिकार क्षेत्र से बाहर की कार्रवाई मान रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरपुर जिले के बहिलबारा गांव की एक युवती मंगलवार को करताहां थाना पहुंची थी। युवती ने पुलिस को बताया कि उसका प्रेम संबंध कंचनपुर धनुषी निवासी छोटू कुमार से चल रहा है और वह उससे शादी करना चाहती है। युवती ने पुलिस से सुरक्षा और शादी कराने की मांग की। इसके बाद थाना पुलिस ने युवक को थाने बुलाया। बताया जा रहा है कि थाना अध्यक्ष ने दोनों पक्षों से बातचीत की और जब दोनों बालिगों की सहमति सामने आई तो थाना परिसर में ही शादी की रस्म पूरी कराई गई। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया।

हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान युवती के परिजन मौके पर मौजूद नहीं थे। जैसे ही थाना परिसर में शादी होने की खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग वहां जुटने लगे। देखते ही देखते यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं।

इस मामले ने कानूनी बहस भी छेड़ दी है। अधिवक्ता संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस का मुख्य दायित्व कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। यदि कोई बालिग युवक-युवती सुरक्षा मांगते हैं तो पुलिस उन्हें सुरक्षा दे सकती है, लेकिन थाना परिसर में शादी कराना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।उन्होंने यह भी कहा कि थाना परिसर को मैरिज ब्यूरो की तरह इस्तेमाल करना सेवा नियमों और प्रशासनिक प्रक्रिया के खिलाफ माना जा सकता है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच संभव है।

मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद विक्रम सिहाग  ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह अनोखी शादी इलाके में चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। कोई इसे प्रेम को मंजिल दिलाने वाली पहल बता रहा है, तो कोई इसे कानून और प्रशासनिक मर्यादा से जुड़ा गंभीर सवाल मान रहा है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार