बाढ़ हादसे के बाद वैशाली पुलिस का एक्शन: सोरहत्था से 15 कार्टन विदेशी शराब बरामद, एक धंधेबाज़ गिरफ्तार

हाल ही में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में हुए शराब कांड के बाद अब वैशाली पुलिस भी शराब माफियाओं के खिलाफ पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है और एक कारोबारी को धर दबोचा है...

अवैध शराब के खिलाफ वैशाली पुलिस का एक्शन- फोटो : रिषभ कुमार

Patna : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में हुए शराब कांड के बाद अब वैशाली पुलिस भी शराब माफियाओं के खिलाफ पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। इसी कड़ी में बेलसर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है और एक कारोबारी को धर दबोचा है।


सोरहत्था गांव में छापेमारी, 15 कार्टन शराब जब्त 

बेलसर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोरहत्था गांव में शराब का स्टॉक छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में चिन्हित ठिकाने पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 15 कार्टन विदेशी शराब बरामद की। पुलिस की भनक लगते ही कुछ कारोबारी मौके से फरार होने में कामयाब रहे, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस की छोटे-बड़े शराब कारोबारियों पर पैनी नजर 

बेलसर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से स्थानीय स्तर पर छोटे-बड़े शराब धंधेबाजों के सक्रिय होने की सूचनाएं पुलिस को मिल रही थीं। इस कार्रवाई के बाद थानाध्यक्ष ने ऐसे सभी कारोबारियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अब उन सभी ठिकानों पर कड़ी निगरानी रख रही है, जहां अवैध शराब के भंडारण या खरीद-बिक्री की आशंका जताई जा रही है।


गिरफ्तार कारोबारी से पूछताछ, फरार साथियों की तलाश तेज 

बरामद शराब को बेलसर थाने लाकर उसकी ब्रांडिंग और सटीक मात्रा की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए कारोबारी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि शराब सप्लाई के मुख्य नेटवर्क और मौके से भागे अन्य साथियों के गुप्त ठिकानों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप, पुलिस की सख्त चेतावनी 

बेलसर पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद क्षेत्र के शराब माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शराब के गैरकानूनी कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार जारी इस तरह के अभियानों से उम्मीद जताई जा रही है कि इलाके में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगेगा।


रिषभ की रिपोर्ट