पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार': ₹25 हजार का इनामी ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 20 ग्राम हेरोइन बरामद; टॉप-12 अपराधियों में था शामिल

वैशाली के टॉप-12 अपराधियों की सूची में शामिल और लंबे समय से फरार चल रहे बड़े तस्कर महेंद्र राय को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ दबोच लिया है। पुलिस को यह बड़ी कामयाबी बिदुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान मिली।

Vaishali - : वैशाली जिले में मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान रंग ला रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने जिले के टॉप-12 अपराधियों की सूची में शामिल और लंबे समय से फरार चल रहे बड़े तस्कर महेंद्र राय को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ दबोच लिया है। पुलिस को यह बड़ी कामयाबी बिदुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान मिली।

गुप्त सूचना पर बिदुपुर डीह में पुलिस की दबिश

सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि बिदुपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि 25 हजार का इनामी तस्कर महेंद्र राय अपने घर आया हुआ है और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने बिदुपुर डीह गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की और तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

20 ग्राम हेरोइन और वित्तीय लेनदेन का खुलासा

पुलिस ने महेंद्र राय के पास से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पूछताछ के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महेंद्र का साप्ताहिक वित्तीय लेनदेन 5 से 6 लाख रुपये तक था। पुलिस को उसके मोबाइल और बैंक खातों से वैशाली और पटना जिले के कई अन्य तस्करों के भी सुराग मिले हैं, जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की तैयारी है।

बंगाल से बिहार तक फैला था नेटवर्क

एसडीपीओ के अनुसार, महेंद्र राय का तस्करी का तरीका (Modus Operandi) काफी व्यवस्थित था। वह पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थों की बड़ी खेप लाता था और वैशाली जिले के छोटे-छोटे वेंडरों को सप्लाई करता था। वह पिछले दो वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल-बदल कर बंगाल और बिहार में रह रहा था।

4 आपराधिक मामलों में था वांछित

गिरफ्तार तस्कर महेंद्र राय के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के कुल चार मामले दर्ज हैं। इनमें से तीन मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके कारण जिला पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस का मानना है कि इसकी गिरफ्तारी से जिले में चल रहे ड्रग सिंडिकेट की कमर टूटेगी।

Report - Rishav kumar