पुलिस की बड़ी कामयाबी: SBI CSP से हुई लाखों की लूट का 24 घंटे में खुलासा, 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार

एसबीआई सीएसपी (SBI CSP) से हुई लाखों की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है और लूटी गई राशि का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया है।

Vaishali - : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर एसबीआई सीएसपी (SBI CSP) से हुई लूट की घटना को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDP-1) ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 10 मार्च को पकड़ी गांव स्थित सीएसपी केंद्र में अज्ञात अपराधियों ने घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। अपराधियों ने वहां मौजूद महिला कर्मी को कमर में खुसा हुआ पिस्टल दिखाकर डराया और दिनभर का कलेक्शन बैग लेकर फरार हो गए थे।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से दबोचे गए लुटेरे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने सीएसपी और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी अनुसंधान की मदद से अपराधियों की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर की गई छापेमारी में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान पंकज कुमार, संदीप कुमार और विपिन कुमार के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी बिदुपुर थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।

नकदी, हथियार और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट की राशि का बड़ा हिस्सा बरामद करने में सफलता पाई है। अपराधियों ने कुल 1 लाख 59 हजार रुपये की चोरी की थी, जिसमें से 1 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं, जबकि शेष राशि उनके द्वारा खर्च कर दी गई थी। इसके अलावा, पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस और घटना के वक्त इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

अपराधियों का रहा है पुराना इतिहास

पकड़े गए अपराधियों में पंकज कुमार बेहद शातिर बताया जा रहा है, जिस पर पहले से ही लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी के 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, संदीप कुमार के विरुद्ध भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और पुलिस अब इनके अन्य संपर्कों की तलाश कर रही है। 24 घंटे के भीतर इस मामले का उद्भेदन होने से स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।

रिपोर्ट - रिषभ कुमार