Bihar police salary delay: सड़क पर ड्यूटी करते रहे पुलिसकर्मी, घरों में पसरा रहा मातम! वेतन नहीं मिलने से 3 हजार परिवारों में नाराजगी

Bihar police salary delay: दीपावली का पर्व जहां आम लोगों के लिए खुशियों और रोशनी का प्रतीक रहा, वहीं वैशाली जिले के पुलिसकर्मियों के लिए यह त्योहार फीका साबित हुआ।

पुलिसकर्मियों की दिवाली बेरंग- फोटो : X

Bihar police salary delay: दीपावली का पर्व जहां आम लोगों के लिए खुशियों और रोशनी का प्रतीक रहा, वहीं वैशाली जिले के पुलिसकर्मियों के लिए यह त्योहार फीका साबित हुआ। जिले के करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को अक्टूबर महीने की सैलरी दीपावली तक नहीं मिल पाई। एसएसपी से लेकर कांस्टेबल तक किसी को भी वेतन नहीं मिला, जिससे पुलिस परिवारों में मायूसी और आक्रोश दोनों छाए रहे।नाम न छापने की शर्त पर एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि जांच के बावजूद दीपावली से पहले सैलरी जारी करने का आश्वासन संबंधित विभाग से मिला था। बावजूद इसके वेतन खाते में नहीं पहुंचा। 

त्योहार के दिन भी कर्मी वर्दी पहनकर सड़कों पर ड्यूटी निभा रहे थे, लेकिन उनके घरों में दीपावली को लेकर कोई उत्साह नहीं था। बच्चों के नए कपड़े, मिठाई, पटाखे और घर की जरूरी खरीदारी सब प्रभावित हुई। करीब तीन हजार पुलिस परिवारों की दीपावली इस वजह से फीकी रह गई।मालूम हो कि वित्त विभाग के पत्र के आलोक में जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच टीम ने एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से वेतन भुगतान की जांच की थी। जांच में 67 कर्मियों के वेतन भुगतान में त्रुटि पाई गई। वहीं चौकीदार-दफादार संवर्ग की जांच पूरा अभिलेख उपलब्ध न होने के कारण अधूरी रह गई।

 जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर जुलाई 2022 से अब तक की संपूर्ण जांच कराने की बात कही है। गठित टीम ने मार्च 2026 से सितंबर 2026 तक के वेतन भुगतान की समीक्षा की थी। समीक्षा में सामने आया कि स्वीकृत बल 4310 के विरुद्ध वर्तमान में 2928 कर्मी कार्यरत हैं। इनमें से कतिपय मामलों में त्रुटियां पाई गईं, जिनके समायोजन और वसूली की आवश्यकता बताई गई है।छह नवंबर को जांच पूरी होने के बावजूद सैलरी जारी नहीं हुई, जिससे कर्मियों में नाराजगी और बढ़ गई। पुलिस महकमे में चर्चा है कि वित्त विभाग के निर्देशों में साफ था कि जांच के बावजूद दीपावली में पुलिसकर्मियों के वेतन पर रोक न लगाई जाए। बिहार के अन्य जिलों के पुलिसकर्मियों को वेतन मिल गया, केवल वैशाली को छोड़कर। इस भेदभाव को लेकर कर्मियों में असंतोष है।

हालांकि पुलिसकर्मियों को अभी भी उम्मीद है कि जल्द ही उनकी अक्टूबर की सैलरी खाते में आ जाएगी। त्योहार के मौके पर आर्थिक तंगी झेलने वाले परिवार अब राहत की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वेतन जारी करने की कार्रवाई तेज किए जाने की जरूरत बताई जा रही है, ताकि कर्मियों का मनोबल बना रहे और उनके परिवारों को और परेशानी न हो।

वैशाली के पुलिसकर्मियों की दीपावली वेतन विलंब की वजह से फीकी रह गई। तीन हजार परिवार प्रभावित हुए और आक्रोश भी सामने आया। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर वेतन कब तक जारी किया जाता है।