Bihar Crime : वैशाली पुलिस ने ग्राहक का इंतजार कर रहे हेरोइन तस्कर को दबोचा, लाखों का मादक पदार्थ किया जब्त
Bihar Crime : वैशाली पुलिस छापेमारी कर एक कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 21 ग्राम से अधिक कीमती हेरोइन बरामद की गई....पढ़िए आगे
VAISHALI : बिहार के वैशाली जिले में इन दिनों मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पिछले कुछ महीनों में ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों की कई बड़ी खेप जब्त करने के बाद, पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित छापेमारी में पुलिस ने एक कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 21 ग्राम से अधिक कीमती हेरोइन बरामद की गई, जिसे वह बाजार में खपाने की फिराक में था।
गिरफ्तार किए गए शातिर तस्कर की पहचान जिले के सराय थाना क्षेत्र के निवासी बजरंग कुमार उर्फ बजरंगी के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बजरंगी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह इलाके का चिन्हित ड्रग पेडलर है। इससे पहले साल 2022 में भी उसे भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेजा था। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने दोबारा नशीले पदार्थों की तस्करी का अवैध धंधा शुरू कर दिया था।
इस सफल कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए लालगंज के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि सराय थाना पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि कुख्यात तस्कर बजरंगी थाना क्षेत्र के बैलहट्टा इलाके में हेरोइन की एक बड़ी खेप की सप्लाई देने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैशाली एसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और बैलहट्टा में घेराबंदी की गई।
गठित विशेष टीम ने जैसे ही बैलहट्टा में छापेमारी की, वहां संदिग्ध अवस्था में खड़ा बजरंग कुमार उर्फ बजरंगी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया। जब गवाहों की मौजूदगी में उसकी सघन तलाशी ली गई, तो उसके पास से 21 ग्राम से अधिक शुद्ध हेरोइन का पैकेट बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को तत्काल जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और सराय थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत नई प्राथमिकी दर्ज की।
गोपाल मंडल, एसडीपीओ, लालगंज ने बताया की "बजरंगी की गिरफ्तारी वैशाली में ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी है। इस गिरोह के तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और इसे हेरोइन की सप्लाई कहाँ से मिल रही थी, इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स को खंगाला जा रहा है। गिरोह में शामिल अन्य स्थानीय और अंतर-जिला तस्करों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।" वैशाली पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के स्मैक और हेरोइन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि जिले में सक्रिय नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ा जा सके।
ऋषभ की रिपोर्ट