वैशाली में महिला दरोगा को दबंग बहनों ने जमकर कूटा, थाने के भीतर सरकारी संपत्ति को किया तहस-नहस, खौफ में रहे पुलिसकर्मी

क होटल से रेस्क्यू की गई महिला और उसकी बहन ने थाने के भीतर जमकर उत्पात मचाया। इन दबंग बहनों ने न केवल महिला पुलिस पदाधिकारी और एक जवान के साथ मारपीट की, बल्कि महिला दरोगा को जमीन पर पटककर उनकी वर्दी तक फाड़ दी।

Patna - वैशाली जिले के वैशाली थाना परिसर में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब दो बहनों ने मिलकर जमकर उत्पात मचाया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। यह घटना बीते मंगलवार को एक होटल से रेस्क्यू की गई महिला और उसकी बहन द्वारा अंजाम दी गई है।

महिला पुलिसकर्मी को जमीन पर पटका और वर्दी फाड़ी

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा की रहने वाली एक महिला को मंगलवार को देह व्यापार के मामले में एक होटल से रेस्क्यू किया गया था। बुधवार सुबह उस महिला की बहन संजू देवी थाना पहुंची और अपनी बहन के साथ मिलकर हंगामा शुरू कर दिया। दोनों बहनों ने महिला पुलिस अवर निरीक्षक नीतू कुमारी और सिपाही अमरजीत कुमार के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया गया और उनकी वर्दी तक फाड़ दी गई। घायल नीतू कुमारी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना परिसर में घंटों मचाया तांडव

दोनों बहनों ने घंटों तक थाना परिसर में उत्पात मचाया। उन्होंने कार्यालय के भीतर रखे महत्वपूर्ण कागजात फाड़ दिए, वायरलेस सेट, कंप्यूटर और बिजली के तारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। तोड़फोड़ की स्थिति यह थी कि थाने के गमले तोड़ दिए गए और बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई। बीच-बचाव करने आए स्थानीय लोगों को भी इन महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा और उनके साथ भी मारपीट की गई।

सरकारी कार्य में बाधा और प्राथमिकी की तैयारी

थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि इन महिलाओं ने न केवल सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया है, बल्कि पुलिसकर्मियों पर हमला कर सरकारी कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न की है। पुलिस कर्मियों द्वारा काफी समझाने के बावजूद दोनों बहनें शांत नहीं हुईं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि दोनों महिलाओं के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में सख्त प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट - रिषभ कुमार