6 महीने पहले का हिसाब चुकता करने की कोशिश, युवक को मारी गोली, आलू चप खरीद कर घर लौटने के दौरान बदमाशों ने घेरा

राघोपुर में रंजिश का खूनी खेल! आलू चप लेकर घर लौट रहे सुनील कुमार को बदमाशों ने रास्ते में घेरकर मारी गोली। 6 महीने पुरानी दुश्मनी में चली गोलियां। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

Vaishali - : जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पश्चिमी पंचायत स्थित पहाड़पुर बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक की पहचान पहाड़पुर निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने घायल को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उसे पटना के NMCH रेफर कर दिया गया है। 

लोहे की रॉड से हमला और फिर फायरिंग

घायल सुनील कुमार ने बताया कि वह पहाड़पुर बाजार से आलू चप खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान प्रकाश कुमार और उसके दो अन्य साथियों ने उसे रास्ते में घेर लिया। पहले बदमाशों ने लोहे की रॉड से उसके साथ मारपीट की और फिर प्रकाश कुमार ने उस पर गोली चला दी। गोली सुनील के बाएं पैर की जांघ में लगी है। 

रंजिश की कहानी: 6 महीने पुराना हिसाब!

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुनील और प्रकाश के बीच पुराना विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 6 महीने पहले सुनील कुमार ने प्रकाश कुमार को गोली मारी थी। घायल पक्ष का आरोप है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए इस बार प्रकाश ने सुनील पर हमला किया है। 

पुलिस और चिकित्सा अधिकारी का बयान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि घायल को पटना रेफर कर दिया गया है। हालांकि, थानाध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण बिंदु साझा करते हुए कहा कि PHC के डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के दौरान अब तक गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस आपसी विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। 

Report - Rishav kumar