वैशाली में वीडियो बनाने को लेकर खूनी संघर्ष: अपराधियों ने वीडियो क्रिएटर के घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत
वैशाली के महुआ में वीडियो बनाने के विवाद में अपराधियों ने एक वीडियो क्रिएटर के घर पर जमकर फायरिंग की। पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Vaishali - बिहार के वैशाली जिला अंतर्गत महुआ थाना क्षेत्र के मंगुराही पंचायत (श्रवणपट्टी गांव) में वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प और गोलीबारी में बदल गया। जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय वीडियो क्रिएटर खेत में वीडियो बना रहा था, तभी वहां काम कर रही कुछ महिलाओं को शक हुआ कि उनकी और लड़कियों की वीडियो बनाई जा रही है। महिलाओं के विरोध करने और घर पर सूचना देने के बाद मामला गरमा गया।
घर में घुसकर मारपीट और जमकर फायरिंग
विवाद इतना बढ़ा कि मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों और तीन अन्य पैदल आए लोगों ने वीडियो क्रिएटर के दरवाजे पर चढ़कर पहले मारपीट की और फिर दहशत फैलाने के लिए जमकर फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
मौके से चार खोखा बरामद, पुलिस की छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से लगभग चार खोखा बरामद किया है। महुआ थानाध्यक्ष राजेश रंजन ने पुष्टि की है कि आपसी विवाद के कारण गोलीबारी हुई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
साहसी ग्रामीणों ने पकड़ी अपराधियों की बाइक
फायरिंग के दौरान स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अपराधियों को रोकने की कोशिश की और उनकी बाइक पकड़ ली। हालांकि, अपराधी हथियार का भय दिखाकर और गोली मारने की धमकी देते हुए पैदल ही मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी धरपकड़ के लिए अभियान चला रही है।
पहाड़पुर गांव के बताए जा रहे हैं आरोपी
जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी महुआ थाना क्षेत्र के ही पहाड़पुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस की टीमें लगातार पहाड़पुर गांव में छापेमारी कर रही हैं। इस घटना के बाद से मंगुराही और श्रवणपट्टी गांव में दहशत का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।
Report - Rishav kumar