Bihar News: रीलबाज हैं बिहार पुलिस के जवान! ग्रामीणों को धमकी देने का भी आरोप, वीडियो वायरल होते ही मच गया बवाल

Bihar News: बिहार में वर्दीधारियों के सोशल मीडिया पर रील बनाने पर रोक के बावजूद ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आलमगंज थाना में तैनात होमगार्ड जवान आनंद कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

होमगार्ड जवान का वीडियो वायरल - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी किए गए तमाम आदेशों की अवहेलना हो रही है। सभी सरकारी अफसर और पुलिस अधिकारियों के रील बनाने पर रोक लगाई गई थी। साफ शब्दों में बिहार मुख्यालय की ओर से आदेश जारी किया गया था कि वर्दी में कोई भी कर्मचारी रील नहीं बनाएंगे, लेकिन जब पटना में ही आदेश का पालन नहीं होगा तो फिर क्या होगा। ऐसा ही एक मामला एक बार फिर सामने आया है। जहां होमगार्ड जवान का रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। 

होमगार्ड की वीडियो वायरल 

दरअसल, मामला राजधानी के आलमगंज थाना से सामने आया है। थाने में तैनात होमगार्ड जवान आनंद कुमार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में होमगार्ड जवान वर्दी पहने गाड़ी में बैठकर भोजपुरी गाने पर रील बनाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आनंद कुमार मूल रूप से वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के टारा चौरी गांव के रहने वाले हैं।

ड्यूटी के दौरान दूसरा वीडियो भी वायरल

सूत्रों के मुताबिक, आनंद कुमार का एक और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ड्यूटी के दौरान ओवरब्रिज पर हथियार के साथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो ने विभागीय नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वर्दी में इस तरह की गतिविधियों को लेकर विभागीय नियमों के उल्लंघन की बात कही जा रही है

नियमों के बावजूद जारी है ट्रेंड

बिहार में वर्दी में रील बनाने को लेकर पहले भी कई बार सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं और कार्रवाई भी हुई है। इसके बावजूद पुलिस और होमगार्ड के कुछ जवान सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। आए दिन अधिकारियों के अतरंगी वीडियो वायरल हो रहे हैं। नियमों का उल्लघंन अधिकारी लगातार कर रहे हैं। 

कार्रवाई पर टिकी नजरें

वहीं होमगार्ड पर आरोप है कि वह अपने गांव में लोगों को धमकाने का काम भी करता है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस मामले के सामने आने के बाद अब यह देखना अहम होगा कि वरिष्ठ अधिकारी क्या कदम उठाते हैं। इससे पहले भी ऐसे मामलों में विभागीय कार्रवाई की गई है, लेकिन बार-बार सामने आ रहे वीडियो यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर नियमों का पालन क्यों नहीं हो पा रहा है।

हाजीपुर से ऋषभ की रिपोर्ट