हाजीपुर मंडल कारा निरीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पूर्व विधायक ने उठाए गंभीर सवाल
Vaishali : जिला अंतर्गत हाजीपुर मंडल कारा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार विधानसभा की कारा सुधार समिति की अध्यक्ष सह प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता देवी (सिंह) और बेलसंड विधायक अमित रानू के हालिया हाजीपुर जेल औचक निरीक्षण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि जेल के अंदर बंदियों से की गई पूछताछ और निरीक्षण के वीडियो को आईटी सेल द्वारा फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक कर दिया गया है, जो जेल मैनुअल के तहत गंभीर उल्लंघन माना जाता है।
जेल की सुरक्षा और बंदियों की गोपनीयता से खिलवाड़ का आरोप
उल्लेखनीय है कि बुधवार को बिहार कारा सुधार समिति की टीम हाजीपुर जेल में बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची थी। समिति की सभापति निशा सिंह और साथी विधायकों ने महिला व पुरुष वार्डों का सघन निरीक्षण किया। हालांकि, जेल के अतिसंवेदनशील सुरक्षा घेरे के भीतर बनाई गई वीडियो क्लिप्स बाहर लाकर पोस्ट किए जाने से प्रशासनिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे होने दी गई।
RJD के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने सरकार व प्रशासन को घेरा
मामले पर सियासत भी तेज हो गई है। राजद के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने सरकार और स्थानीय प्रशासन पर कड़े सवाल खड़े करते हुए पूछा है कि नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ऐसे जनप्रतिनिधियों और संबंधित आईटी सेल पर क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों का भी कहना है कि जेल की आंतरिक गतिविधियों और बंदियों की पहचान को राजनीतिक लाभ के लिए वायरल करना सरासर गलत है।
जिलाधिकारी से संपर्क की कोशिश, गृह विभाग के संज्ञान का इंतजार
मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी वर्षा सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया और उनके ओएसडी (OSD) को पूरी जानकारी दे दी गई है। अब देखना यह होगा कि जेल प्रशासन और राज्य का गृह विभाग इस नियम उल्लंघन पर क्या संज्ञान लेता है या मामले पर पर्दा डाल दिया जाता है।
रिषभ की रिपोर्ट