समाहरणालय परिसर में वाहन पड़ाव टेंडर भरने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, कई लोग घायल

टेंडर भरने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित समाहरणालय (कलेक्टरेट) परिसर में मंगलवार को वाहन पड़ाव का टेंडर डालने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और खूनी झड़प हो गई। कलेक्टरेट जैसे अति-सुरक्षित प्रशासनिक परिसर में दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


रामाशीष चौक वाहन पड़ाव के टेंडर से जुड़ा है पूरा विवाद 

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामाशीष चौक के वाहन पड़ाव (स्टैंड) के टेंडर को भरने से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष के 4-5 लोग टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए समाहरणालय परिसर स्थित संबंधित कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग वहां आ धमके और रंगदारी दिखाते हुए उन्हें टेंडर का फॉर्म जमा करने से रोकने लगे। जब इसका विरोध किया गया, तो बात तू-तू मैं-मैं से शुरू होकर सीधे मारपीट में बदल गई।


कागजात फाड़े और दी गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी 

नगर थाना क्षेत्र के गांधी आश्रम निवासी घायल रविंद्र कुमार ने आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि वे अपने साथियों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से टेंडर फॉर्म जमा करने गए थे। तभी अचानक दूसरे पक्ष के दर्जनों दबंगों ने उन्हें घेर लिया और टेंडर के जरूरी कागजात फाड़ दिए। दबंगों ने खुलेआम धमकी दी कि यदि उन्होंने टेंडर भरा तो इसका अंजाम बेहद बुरा होगा। इसके तुरंत बाद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों और घूंसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें कई लोग लहूलुहान हो गए।


सूचना मिलते ही पहुंची पुलिससदर अस्पताल में घायलों का इलाज 

समाहरणालय परिसर में जारी भारी मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को खदेड़ा और समझा-बुझाकर स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस की देखरेख में सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद कलेक्टरेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।


लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस जांच में जुटी 

इस पूरी घटना के संबंध में नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि समाहरणालय परिसर में मारपीट की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह शांत कराया। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा घटना के संबंध में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट