Bihar Crime : वैशाली के लोदीपुर में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प, पत्थरबाजी-आगजनी से इलाके में तनाव का माहौल
Bihar Crime : वैशाली में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है........पढ़िए आगे
Vaishali : बिहार के वैशाली जिले के गरौल थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई झड़प में पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, लोदीपुर गांव में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर शनिवार दोपहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर चलाए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दुकान में लूटपाट के बाद आगजनी
आरोप है कि उपद्रवियों ने एक फर्नीचर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और करीब एक लाख रुपये नकद व लगभग तीन लाख रुपये के सामान की लूटपाट की। इसके बाद दुकान में आग लगा दी गई। इस दौरान कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़ित पक्ष के मंजय शर्मा ने आरोप लगाया कि उपेंद्र राय और उनके समर्थक सैकड़ों की संख्या में पहुंचे और हमला कर दिया, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं।
पहले से चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि जमीन से जुड़े टाइटल सूट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो अब हिंसा में बदल गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस तैनात, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
ऋषभ की रिपोर्ट