कम पैसे में काम करने से इनकार पर मजदूर को पेड़ से उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वैशाली जिले से एक मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले में दबंगों ने एक मजदूर की सिर्फ इसलिए बेरहमी से पिटाई की कि उसने कम मजदूरी में काम करने से इनकार कर दिया। इस मामले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है....

दबंगो ने मजदूर को बेरहमी से पीटा- फोटो : रिषभ कुमार

vaishali : जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के लेवढ़न गांव में अमानवीय बर्बरता का एक मामला सामने आया है, जहां समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र के बच गांव निवासी एक दलित मजदूर के साथ पेड़ से उल्टा लटकाकर बेरहमी से पिटाई की गई है। पीड़ित मजदूर विजय राम का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने दबंगों द्वारा तय की गई कम मजदूरी पर काम करने से इनकार कर दिया था। इस बात से नाराज दबंगों ने उसे जबरन पकड़ लिया और तालिबानी सजा देते हुए गांव के ही एक पेड़ से करीब चार घंटे तक उल्टा लटकाकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा।


आरोपियों ने चप्पल पर थूककर चटवाया, सादे कागज पर लिया अंगूठे का निशान

पीड़ित विजय राम ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है। बीते सोमवार को वह लेवढ़न गांव में काम के सिलसिले में गया था, जहां से लौटते समय योगेंद्र सिंह समेत आठ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इस दुर्व्यवहार का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और पेड़ से उल्टा लटका दिया। इतना ही नहीं, दबंगों ने प्रताड़ना की सारी हदें पार करते हुए उनसे चप्पल पर थूककर चटवाया और जबरन एक सादे कागज पर अंगूठे का निशान भी ले लिया।


अस्पताल में चल रहा पीड़ित का इलाज, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना के बाद पीड़ित मजदूर मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से उसे तुरंत ताजपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में पीड़ित का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।


पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

घटना के संबंध में पीड़ित विजय राम की लिखित शिकायत पर बलिगांव थाने में योगेंद्र सिंह सहित आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बलिगांव थाना अध्यक्ष रामनिवास कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


पीड़ित परिवार को दी जा रही धमकियां, पुलिस कर रही मामले की जांच

इस बर्बर घटना के बाद से पीड़ित परिवार पूरी तरह से दहशत के साये में जीने को मजबूर है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि केस वापस लेने के लिए उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट