वैशाली मे टोटो चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी

टोटो चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी में जुटी है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी...

Vaishali : जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में कानून को हाथ में लेते हुए मोब लिंचिंग जैसी एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां चोरी के आरोप में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बिदुपुर थाना क्षेत्र के निवासी सन्नी कुमार (पिता- बहारन राय) के साथ एक ही परिवार के कुछ लोगों ने चोरी का आरोप लगाते हुए जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी रात के करीब 10 बजे घायल सन्नी को अधमरी हालत में उसके घर पर छोड़ कर फरार हो गए, जहां इलाज के अभाव में उसने दम तोड़ दिया।


सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम

इस गंभीर वारदात की भनक लगते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। घटना की लिखित सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर-1, हाजीपुर ने बिना वक्त गंवाए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका बयान दर्ज किया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।


टोटो चोरी के संदेह में मारपीट की बात आई सामने

पुलिस की शुरुआती जांच और प्रथम दृष्टया साक्ष्यों के अनुसार, यह पूरा विवाद टोटो (ई-रिक्शा) चोरी के संदेह से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। टोटो चोरी के शक में ही आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर इस दर्दनाक घटना को अंजाम दिया। हालांकि, वैशाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना के सभी पहलुओं, कड़ियों और परिस्थितियों की बहुत गहराई से जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।


FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

वारदात की वैज्ञानिक और पुख्ता जांच सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलाया गया। एफएसएल की विशेष टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और अपराधियों के खिलाफ अदालत में पुख्ता सबूत पेश करने के लिए महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलित किए हैं। वहीं, पुलिस ने मृतक सन्नी कुमार के शव को पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।


मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज

वैशाली जिला पुलिस ने इस हिंसक घटना को लेकर संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर लिया है।  पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना में संलिप्त सभी आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है और उनकी अविलंब गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध विधि सम्मत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।