मोबाइल चोरी के आरोप में युवक की जमकर पिटाई, पुलिस ने भीड़ के चंगुल से बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया

मोबाइल चोरी के आरोप में युवक की जमकर पिटाई- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कोनहारा घाट पर देर शाम मोबाइल चोरी का एक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद कोनहारा घाट पर स्नान करने पहुंचा था। स्नान करने से पहले उसने अपना मोबाइल और कपड़े घाट किनारे रख दिए थे। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचा और मोबाइल लेकर भागने की कोशिश करने लगा।


भीड़ ने दबोच कर की जमकर पिटाई

जब पीड़ित व्यक्ति और आसपास मौजूद अन्य लोगों की नजर भाग रहे युवक पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाते हुए उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। चोरी के आरोप से गुस्साए लोगों ने मौके पर ही युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


पुलिस ने बचाकर सदर अस्पताल में कराया भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए उग्र भीड़ के चंगुल से युवक को सुरक्षित छुड़ाया। पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया और फौरन इलाज के लिए सदर अस्पताल, वैशाली पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।


पकड़े गए आरोपी की पहचान

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी युवक की पहचान छोटू कुमार के रूप में हुई है, जो नगर थाना क्षेत्र के ही मीनापुर गांव निवासी शुकदेव राय का पुत्र बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


रिषभ की रिपोर्ट