सीएम सम्राट चौधरी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने हाजीपुर से दबोचा

सीएम सम्राट चौधरी और वैशाली जिले के बिदुपुर थाना के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस ने हाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि युवक द्वारा वीडियो जारी कर माफी मांगने के बाद उसे थाने से छोड़ दिया गया है....

सीएम पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिदुपुर थाना के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की सूचना मिलने के बाद हाजीपुर साइबर थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी (कांड संख्या 72/26) दर्ज की और आरोपी युवक को धर दबोचा।


वैशाली के फुलपुरा गांव का रहने वाला है गिरफ्तार युवक निशांत कुमार यादव

यह पूरा मामला वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के फुलपुरा गांव का है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान निशांत कुमार यादव नामक युवक के इंस्टाग्राम अकाउंट से मुख्यमंत्री और स्थानीय थाने के खिलाफ अपमानजनक वीडियो अपलोड किए जाने का खुलासा हुआ था।


पुलिस टीम ने घर पर की छापेमारी, मोबाइल फोन और वीडियो साक्ष्य जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। सत्यापन के बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे साइबर थाना हाजीपुर लाया गया, जहां उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर संबंधित वीडियो और इंस्टाग्राम अकाउंट का लॉगिन मिला। पुलिस ने मोबाइल और वीडियोग्राफी से जुड़े साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।


वीडियो जारी कर मांगी माफी, बंधपत्र पर थाने से छोड़ा गया

साइबर डीएसपी चांदनी सुमन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से अपनी इस हरकत के लिए माफी मांग ली है और भविष्य में इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट न करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत उससे बंधपत्र (बॉन्ड) भरवाकर उसे थाने से छोड़ दिया।


रिषभ की रिपोर्ट