Bihar Banks Closed: बैंक हड़ताल से बिहार में 3 दिन ठप रहेगा कामकाज, 50 हजार करोड़ पर असर
Bihar Banks Closed: बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।...
Bihar Banks Closed: बैंक प्रबंधन, वित्त मंत्रालय और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच दो दिनों से चल रही वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। वार्ता विफल होने के बाद बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार-रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार तीन दिनों तक बड़ा असर पड़ने की आशंका है। बिहार में इस बंदी से करीब 50 हजार करोड़ रुपये के वित्तीय कारोबार के प्रभावित होने का अनुमान है।
इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी के मुताबिक, देशभर के करीब आठ लाख बैंक अधिकारी और कर्मचारी आंदोलन में शामिल होंगे। यूनियनों ने आगे भी आंदोलन तेज करने का संकेत दिया है। 28 से 30 सितंबर तक दोबारा राष्ट्रव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। अगर केंद्र सरकार ने मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकाला तो अक्टूबर के अंत से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था, अधिकारियों के लिए पीएलआई की समान व्यवस्था, आईडीबीआई बैंक के विदेशीकरण पर तत्काल रोक और लंबे समय से लंबित पेंशन अपडेशन शामिल हैं।
डिजिटल बैंकिंग रहेगी चालू: इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है। ग्राहक ऑनलाइन लेनदेन कर सकेंगे।एटीएम में कैश की किल्लत संभव: शाखाओं से नकदी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण शनिवार और रविवार तक कई क्षेत्रों में एटीएम में नकदी की कमी हो सकती है।
काउंटर सेवाएं रहेंगी ठप: 11 से 13 सितंबर के दौरान बैंक शाखाओं में नकदी जमा-निकासी, ड्राफ्ट और चेक क्लियरेंस जैसी सेवाएं प्रभावित रहेंगी। बिहार की करीब 7,760 बैंक शाखाओं के कामकाज पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।हड़ताल के कारण आम ग्राहकों, कारोबारियों और वित्तीय संस्थानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर जिन लोगों को शाखा जाकर जरूरी बैंकिंग काम निपटाने हैं, उन्हें पहले से तैयारी करनी होगी।