Price Trend: त्योहार से पहले महंगाई का लोगों को लगेगा करंट! AC, TV, फ्रिज, वॉशिंग मशीन के 8 फीसदी तक बढ़ेगे दाम
Price Trend: त्योहारी सीजन शुरू होने से ठीक पहले उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लग सकता है।...
Price Trend: त्योहारी सीजन शुरू होने से ठीक पहले उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लग सकता है। एयर कंडीशनर (एसी), एलईडी टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन समेत कई उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के दाम अक्टूबर से बढ़ने की तैयारी है। प्रमुख कंपनियां कच्चे माल की बढ़ती लागत, माल ढुलाई खर्च और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव के दबाव के बीच कीमतों में करीब 3 से 8 प्रतिशत तक इजाफा कर रही हैं।
एसी की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना है। कई कंपनियों ने करीब 5 से 8 प्रतिशत तक दाम बढ़ाने की घोषणा की है। वहीं टीवी, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर जैसे उत्पादों की कीमतों में 2 से 4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकती है। उद्योग के मुताबिक, इस साल कंपनियों की ओर से यह तीसरी कीमत वृद्धि होगी।
कंपनियों का कहना है कि तांबा, एल्युमिनियम, इस्पात, प्लास्टिक और कच्चे तेल से जुड़े उत्पाद महंगे होने से विनिर्माण लागत लगातार बढ़ रही है। हायर इंडिया के मुताबिक, एक अक्टूबर से एसी के दाम करीब 5 प्रतिशत और एलईडी टीवी व वॉशिंग मशीन के दाम 2 से 3 प्रतिशत तक बढ़ाए जाएंगे। सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स ने अक्टूबर के बाद टीवी की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत बढ़ोतरी की योजना बताई है।
डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया ने 16 सितंबर से ही कीमतों में 8 से 10 प्रतिशत तक इजाफा कर दिया है। कंपनी के अनुसार, तांबे की कीमतों में तेज उछाल और डॉलर की मजबूती से लागत पर दबाव बढ़ा है। ब्लू स्टार और गोदरेज अप्लायंसेज भी अलग-अलग श्रेणियों में दाम बढ़ा चुकी हैं।
हालांकि, दिवाली तक ग्राहकों को कुछ राहत मिल सकती है। कंपनियों के मुताबिक डीलरों और वितरकों के पास पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक मौजूद है, जो करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में रह सकता है। ऐसे में त्योहारी ऑफर के बावजूद कीमतों में बढ़ोतरी खरीदारी के फैसले को प्रभावित कर सकती है।