Bank Strike: लगातार 3 दिन बैंकिंग सेवाओं पर असर, हड़ताल से पहले SBI ने ग्राहकों को दी सलाह
Bank Strike: 11 सितंबर 2026 को UFBU की देशव्यापी बैंक हड़ताल है। इसके बाद 12 सितंबर दूसरा शनिवार और 13 सितंबर रविवार है। जानें SBI की एडवाइजरी और ऑनलाइन बैंकिंग पर असर।
Bank Strike: अगर आपको बैंक की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम कराना है तो यह खबर आपके लिए काफी अहम है। 11 सितंबर 2026 को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। SBI समेत कई बैंकों ने ग्राहकों को पहले से जरूरी काम निपटाने की सलाह दी है। हड़ताल के कारण शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार है, जिस दिन बैंक शाखाओं में नियमित अवकाश रहता है। 13 सितंबर को रविवार होने के कारण भी बैंक बंद रहेंगे। इस तरह 11 से 13 सितंबर तक लगातार तीन दिनों तक शाखा जाकर बैंकिंग काम कराने में ग्राहकों को परेशानी हो सकती है।
11 सितंबर को क्यों हो रही है बैंक हड़ताल
बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। UFBU ने 11 सितंबर की देशव्यापी हड़ताल का फैसला इसी मुद्दे समेत अन्य सेवा संबंधी मांगों को लेकर किया है। संगठन का कहना है कि पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने को लेकर अभी तक कोई ठोस समयसीमा नहीं मिली है। बैंक यूनियनों और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच 4 सितंबर को हुई बातचीत से भी कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद यूनियनों ने हड़ताल पर आगे बढ़ने का फैसला किया।
SBI ने ग्राहकों को क्या सलाह दी है
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने भी बैंक यूनियनों की हड़ताल को लेकर अपने ग्राहकों को सावधान किया है। बैंक ने कहा है कि 11 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल से उसके कामकाज पर असर पड़ सकता है। SBI ने शाखाओं और कार्यालयों का काम सामान्य रखने के लिए व्यवस्था करने की बात कही है, लेकिन हड़ताल के कारण कुछ सेवाएं प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अगर आपको नकद जमा करना है, चेक से जुड़ा कोई काम है, KYC अपडेट कराना है या बैंक शाखा में जाकर कोई जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी है तो इसे पहले ही निपटा लेना बेहतर रहेगा।
12 और 13 सितंबर को भी क्यों बंद रहेंगी बैंक शाखाएं
11 सितंबर की हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार है। भारत में बैंक शाखाओं में दूसरे और चौथे शनिवार को नियमित अवकाश रहता है। इसके अगले दिन 13 सितंबर को रविवार है। इस वजह से 11, 12 और 13 सितंबर को लगातार तीन दिनों तक बैंक शाखाओं से जुड़े काम प्रभावित रह सकते हैं। हालांकि, इसे तीन दिन की बैंक हड़ताल नहीं समझना चाहिए। हड़ताल 11 सितंबर को है, जबकि अगले दो दिन सामान्य साप्ताहिक अवकाश हैं।
ऑनलाइन बैंकिंग और UPI का क्या होगा
बैंक शाखाओं के काम पर असर पड़ने के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाएं आम तौर पर उपलब्ध रहने की उम्मीद है। ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और अन्य डिजिटल माध्यमों से कई तरह के लेनदेन कर सकते हैं। ATM सेवाएं भी उपलब्ध रहने की संभावना है, हालांकि किसी खास बैंक की तकनीकी समस्या या कैश उपलब्धता के कारण परेशानी हो सकती है। चेक क्लियरेंस, कैश जमा करने और शाखा से जुड़े दूसरे कामों में देरी हो सकती है। इसलिए जिन ग्राहकों को इन सेवाओं की जरूरत है, उन्हें बैंक बंद रहने की अवधि से पहले अपना काम पूरा कर लेना चाहिए।
सितंबर में फिर कब होगी बैंक हड़ताल
11 सितंबर की हड़ताल के बाद बैंक यूनियनों ने सितंबर में एक और बड़ा विरोध कार्यक्रम घोषित किया है। UFBU के अनुसार 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। इसके अलावा मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है। इसलिए बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे आने वाले दिनों में बैंक की छुट्टियों और प्रस्तावित हड़ताल की तारीखों को ध्यान में रखकर अपने जरूरी वित्तीय काम पहले से प्लान करें।