Bihar Vehicle Sales: बदल रहा बिहार का मिजाज! बाइक से लेकर मर्सिडीज तक की रिकॉर्ड बिक्री, खरीदारी में आया जबरदस्त उछाल
Bihar Vehicle Sales: वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में राज्य में दोपहिया, चारपहिया और कृषि वाहनों की रिकॉर्डतोड़ बिक्री दर्ज की गई है। ...
Bihar Vehicle Sales: बिहार की अर्थव्यवस्था और लोगों की क्रय शक्ति में आए बदलाव की तस्वीर अब वाहन बाजार में साफ दिखाई देने लगी है। वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में राज्य में दोपहिया, चारपहिया और कृषि वाहनों की रिकॉर्डतोड़ बिक्री दर्ज की गई है। आंकड़े बताते हैं कि बिहार अब केवल सस्ते वाहनों का बाजार नहीं रहा, बल्कि लग्जरी कारों की खरीद में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। महंगी विदेशी गाड़ियों से लेकर प्रीमियम एसयूवी तक की मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।
दूसरी ओर कृषि क्षेत्र में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। इस वर्ष राज्य में लगभग 4.75 लाख ट्रैक्टर बिके हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 25 हजार अधिक हैं। यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र में बढ़ते निवेश का संकेत माना जा रहा है।
दोपहिया वाहनों की बिक्री में बिहार ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। 1 जनवरी से 19 जून 2026 तक राज्य में 6,12,372 बाइक और स्कूटर बिके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 5.75 लाख था। अकेले अप्रैल महीने में 1,35,273 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, जो इस वर्ष का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती आय, बेहतर सड़क नेटवर्क, आसान फाइनेंस सुविधा और ग्रामीण बाजारों में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों ने बिहार को देश के सबसे तेजी से बढ़ते ऑटोमोबाइल बाजारों में शामिल कर दिया है। अब बिहार सिर्फ उपभोक्ता बाजार नहीं, बल्कि देश की आर्थिक रफ्तार का नया इंजन बनकर उभर रहा है।
वाहन बिक्री के ताजा आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 19 जून 2026 तक बिहार में कुल 49,727 चारपहिया वाहन बिक चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में करीब 11 प्रतिशत अधिक है। गौर करने वाली बात यह है कि वर्ष 2025 में पूरे साल के दौरान 88,349 कारों की बिक्री हुई थी, जबकि 2026 के शुरुआती छह महीनों में ही आधे से ज्यादा आंकड़ा पार हो चुका है। इससे साफ संकेत मिलता है कि आने वाले महीनों में वाहन बाजार नए रिकॉर्ड बना सकता है।
सबसे ज्यादा चर्चा लग्जरी कारों की बढ़ती मांग को लेकर हो रही है। 50 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली गाड़ियों में विशेष रूप से मर्सिडीज बेंज का दबदबा बढ़ा है। जानकारी के मुताबिक बिहार में हर महीने औसतन तीन से चार मर्सिडीज कारों की बिक्री हो रही है। यह इस बात का संकेत है कि राज्य में उच्च आय वर्ग का विस्तार हो रहा है और लग्जरी लाइफस्टाइल की ओर लोगों का रुझान बढ़ रहा है।वहीं प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट में महिंद्रा एंड महिंद्रा की लोकप्रिय एसयूवी 7XO की मांग भी चरम पर है। करीब 25 से 26 लाख रुपये कीमत वाली इस गाड़ी के लिए तीन महीने तक की वेटिंग चल रही है। ऑटोमोबाइल डीलरों के अनुसार ग्राहकों की बढ़ती मांग के कारण डिलीवरी में समय लग रहा है।