Tatkal Booking New Rule: तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव, रेलवे ने लागू किए नए नियम , अब कंफर्म सीट मिलना हो गया आसान

Tatkal Booking New Rule: तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होते ही सीटें चंद सेकंड में गायब हो जाता है और आम यात्री मायूस हो जाता है। इससे अब निजात मिलेगी....

तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव- फोटो : social Media

Tatkal Booking New Rule:  भारतीय रेल रोज़ाना करोड़ों मुसाफिर अपने सफर की मंज़िल तक पहुंचने के लिए रेलवे पर विश्वास करते हैं। लेकिन जब बात अचानक यात्रा और तत्काल टिकट की आती है, तो यही सिस्टम इम्तिहान बन जाता था। बुकिंग शुरू होते ही सीटें चंद सेकंड में गायब और आम यात्री मायूस।

इसी नाजुक सूरत-ए-हाल को बदलने के लिए 2026 में भारतीय रेल ने डिजिटल निज़ाम में बड़ा सुधार लागू किया है। अब खास सॉफ्टवेयर और बॉट्स के जरिए तेज़ी से टिकट बुक करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। अगर कोई अकाउंट असामान्य रफ्तार से टिकट हासिल करने की कोशिश करता है, तो सिस्टम उसे तुरंत चिन्हित कर अस्थायी या स्थायी तौर पर ब्लॉक कर सकता है। इससे दलालों की दखलअंदाज़ी पर लगाम कसने की उम्मीद है।

नई व्यवस्था के तहत मोबाइल नंबर और सरकारी पहचान पत्र का सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। बिना पूर्ण प्रमाणीकरण के तत्काल टिकट बुक नहीं होगी। इससे फर्जी अकाउंट और कालाबाज़ारी पर चोट पहुंचेगी।

तकनीकी मोर्चे पर भी बड़ा कदम उठाया गया है। पहले बुकिंग खुलते ही वेबसाइट की रफ्तार सुस्त पड़ जाती थी, लेकिन अब सर्वर क्षमता को मजबूत किया गया है। शुरुआती मिनटों में विशेष फिल्टर एक्टिव रहते हैं, जो ऑटो-फिल टूल्स और स्क्रिप्ट आधारित बुकिंग प्रयासों को रोकते हैं। इससे आम यूज़र को बराबरी का मौका मिलता है।मोबाइल ऐप और वेबसाइट के बीच स्पीड का फर्क भी खत्म कर दिया गया है। अब दोनों प्लेटफॉर्म पर समान तकनीकी ढांचा लागू है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी एक माध्यम को अनुचित बढ़त नहीं मिलेगी।

नाम और पहचान का मिलान अब सख्ती से होगा। टिकट पर दर्ज जानकारी में गड़बड़ी मिलने पर टिकट रद्द और जुर्माना भी संभव है। भुगतान प्रक्रिया को भी तेज़ और सुरक्षित बनाया गया है, ताकि सीट उपलब्ध होने के बावजूद ट्रांजैक्शन फेल होने की समस्या खत्म हो।सबसे अहम फैसला बुकिंग के शुरुआती मिनट केवल आम यात्रियों के लिए आरक्षित रहेंगे। अधिकृत एजेंट इस दौरान टिकट नहीं बुक कर पाएंगे। यह कदम सिस्टम में बराबरी और भरोसे की नई बुनियाद रखता है।